
Child Torture Case: तमिलनाडु के तिरुवरूर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्राइवेट स्कूल की टीचर पर 3 साल के मासूम बच्चे को रस्सी से बांधकर पीटने का आरोप लगा है। बच्चा स्कूल से घर लौटा तो उसके शरीर पर चोट के निशान देखकर माता-पिता परेशान हो गए। पूछने पर बच्चे ने टीचर और महिला सहायक के मारपीट करने की बात बताई। इसके बाद पिता ने स्कूल पहुंचकर CCTV फुटेज देखा, जिसमें बच्चे के हाथ नायलॉन की रस्सी से बंधे नजर आए। पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
यह मामला तिरुवरूर के तिरुथुराईपूंडी इलाके में स्थित साई राम मैट्रिकुलेशन हायर सेकेंडरी स्कूल का है। यहां पढ़ने वाला तीन साल का मासूम प्री-केजी का छात्र है। उसके माता-पिता का नाम गोपीनाथ और महिमा हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार, 17 नवंबर को जब बच्चा स्कूल से घर लौटा, तो माता-पिता ने उसके शरीर पर चोट के निशान देखे। मासूम से जब प्यार से पूछा गया, तो उसने बताया कि स्कूल की टीचर और एक महिला सहायक ने उसे मारा है।
बच्चे की बात सुनकर माता-पिता को किसी अनहोनी की आशंका हुई और वे तुरंत स्कूल पहुंचे। तो उन्होंने स्कूल प्रबंधन से इस पूरी घटना पर जवाब मांगा। जब बच्चे के पिता गोपीनाथ ने क्लासरूम का सीसीटीवी फुटेज देखा, तो वे दंग रह गए। फुटेज में साफ तौर पर दिखाई दिया कि टीचर ने तीन साल के मासूम के हाथों को नायलॉन की रस्सी से बांध रखा था।
जानकारी के अनुसार, फुटेज में यह भी देखा गया कि स्कूल परिसर के अंदर एक महिला सहायक बच्चे को एक स्क्रीन के सहारे नीचे दबा रही है। पिता गोपीनाथ ने इस पूरे सीसीटीवी फुटेज को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया और इसके बाद तिरुथुराईपूंडी पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अपने बेटे के साथ मारपीट करने वालों के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।
माता-पिता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इस पूरे मामले में टीचर भाग्यलक्ष्मी और तिरुथुराईपूंडी के अन्ना नगर की रहने वाली स्कूल सहायक सेल्वी के खिलाफ आगे की जांच प्रक्रिया बढ़ा दी है। अब पुलिस फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।