राष्ट्रीय

तमिलनाडु में भीषण सड़क हादसा, कार नीम के पेड़ से टकराई, 8 लोगों की मौत, दो गंभीर घायल

Tiruchirappalli Accident: तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में कार नीम के पेड़ से टकराने से आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायल हैं। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने हादसे पर दुख जताया है।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 9:04 PM IST
Tamil Nadu Road Accident news
AI Image-(ChatGpt)

Tamil Nadu Road Accident: तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, यात्रियों से भरी कार सड़क किनारे नीम के पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।हादसा शाम करीब 4:05 बजे जंबुनाथपुरम पुलिस थाना क्षेत्र के कोथुरपट्टी फोर रोड्स के पास हुआ। कार में कुल 10 लोग सवार थे। सभी लोग नामक्कल जिले के एरुमापट्टी में कान छिदवाने के एक समारोह में शामिल होकर तंजावुर जिले के तिरुकट्टुपल्ली लौट रहे थे।

पांच लोगों की मौके पर मौत, तीन ने अस्पताल में तोड़ा दम


पुलिस के अनुसार, हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन लोगों ने मुसीरी सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान मणिक्कम, मुरुगन, राजेश, शक्तिवेल (42), सुब्रमणि, तंजावुर जिले के सथानूर निवासी संगिली, और विल्लुपुरम जिले के पवाडई (50) तथा सीतारमन के रूप में हुई है।

दो घायलों का अस्पताल में इलाज जारी


हादसे में घायल रामलिंगम और रामर को मुसीरी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों सथानूर के रहने वाले हैं। उनकी हालत गंभीर बताई गई है और उनका इलाज जारी है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख, घायलों को बेहतर इलाज देने के निर्देश


तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने हादसे पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी संदेश में मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दोनों घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

उपराष्ट्रपति ने भी किया पोस्ट


उपराष्ट्रपति ने तिरुचिरापल्ली जिले में थुरैयूर-मुसिरी हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में कई लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों और करीबियों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही, ईश्वर से प्रार्थना की कि दुख की इस घड़ी में परिवारों को हिम्मत मिले। उन्होंने हादसे में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

Updated on:
22 Nov 2026, 9:04 PM IST
Published on: