राष्ट्रीय

मदुरै में नए तनिष्क शोरूम में बड़ी चोरी, 30 किलो सोने के गहने गायब; 15 दिन पहले हुआ था उद्घाटन

Madurai Tanishq Showroom Robbery: तमिलनाडु के मदुरै में हाल ही खुले तनिष्क शोरूम से करीब 30 किलो सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। मामले की जांच के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 5:12 PM IST
Madurai Tanishq showroom robbery,
तमिलनाडु में तनिष्क के शोरूम में हुई चोरी

Tanishq Showroom Robbery: तमिलनाडु के मदुरै में बाइपास रोड पर हाल ही खुले तनिष्क शोरूम से करीब 30 किलो सोने के आभूषण चोरी हो गए। यह घटना गुरुवार सुबह तब सामने आई जब कर्मचारी शोरूम खोलने पहुंचे। शोरूम का उद्घाटन महज 15 दिन पहले ही हुआ था। पुलिस ने बताया कि चोरी की वारदात के बाद शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें एक व्यक्ति चेहरे पर मास्क और हाथों में दस्ताने पहने हुए, काले रंग का बैग तथा ट्रॉली बैग लेकर इलाके में घूमता नजर आया। पुलिस को संदेह है कि चोरी की वारदात इसी व्यक्ति ने की है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।

शोरूम में कुल 48 किलो सोने के आभूषण स्टॉक में थे। कितनी मात्रा में आभूषण चोरी हुए हैं, इसका सटीक आकलन अभी नहीं हुआ है। पुलिस को जांच में यह तथ्य सामने आया कि शोरूम की दीवारें या दरवाजे कहीं से भी तोड़े नहीं गए हैं। पुलिस को संदेह है कि चोर ने वैकल्पिक रास्ते, जैसे लिफ्ट के माध्यम से शोरूम में प्रवेश किया होगा।

ट्रॉली बैग के आकार और डिजाइन की भी जांच की जा रही

पुलिस टीमों ने शोरूम व आस-पास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि संदिग्ध की आवाजाही और उसके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। संदिग्ध ने अपना चेहरा पूरी तरह ढक रखा था, इसलिए पुलिस उसकी ऊंचाई, शरीर की बनावट, चाल-ढाल और कंधों की हरकतों के आधार पर पहचानने की कोशिश कर रही है। ट्रॉली बैग के आकार और डिजाइन की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि क्या आभूषण इसी में ले जाए गए।

तीन टीमों का किया गठन

इस मामले की जांच के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है, जिनमें प्रत्येक की अगुवाई एक सहायक पुलिस आयुक्त कर रहे हैं और तीन निरीक्षक शामिल हैं। शोरूम के कर्मचारियों के साथ-साथ निर्माण कार्य में लगे इंजीनियर, इलेक्ट्रीशियन और प्लंबर से भी अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास के पेट्रोल पंप व अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में भी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Updated on:
12 Nov 2026, 5:12 PM IST
Published on: