
Punjab PCS Mains 2026: बीजेपी के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी और राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को पत्र लिखकर, पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) द्वारा आयोजित की गई पंजाब PCS मेन्स परीक्षा 2026 के नतीजों में कथित अनियमितताओं को लेकर तुरंत हस्तक्षेप करने और मामले की स्वतंत्र केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग की है।
भाजपा के केंद्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने गुरुवार को मीडियाकर्मियों से बातचीत में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए पीसीएस की भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पीसीएस परीक्षा में अनुपस्थित अभ्यर्थियों के चयन, एक ही केंद्र से 24.21 प्रतिशत चयन और लगातार रोल नंबरों के समूहों ने पूरी भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
सांसद तरुण चुघ ने कहा कि, नतीजों को देखकर एक व्यापक घोटाला (Scam) स्पष्ट रूप से सामने आ रहा है और प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि पंजाब के युवाओं के साथ धोखाधड़ी की गई है। तरुण चुघ ने इसे अब तक का सबसे बड़ा पेपर लीक मामला करार दिया है। उन्होंने घोटाले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है जिससे मामले से जुड़े बड़े और रसूखदार लोगों के नाम सामने आ सके।
सांसद तरुण चुघ ने कथित घोटाले को लेकर कहा कि, प्रशासनिक अधिकारियों से लगातार यह जानकारी मिल रही है कि परीक्षा में चुने गए उम्मीदवारों में से 11 चयनित उम्मीदवार एक ही एग्जाम हॉल (परीक्षा केंद्र कक्ष) से आए हैं, जो गंभीर अनियमितता की ओर इशारा करता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जो छात्र परीक्षा में अनुपस्थित (Absent) थे, उनके परिणाम कैसे जारी हो सकते हैं।
सांसद तरुण चुघ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर इस पूरे आयोग का ढांचा तैयार करने का आरोप लगाते हुए उनसे तुरंत इस्तीफे की मांग की है और कहा है कि इस मामले में दोषी चाहे खाकी (पुलिस/प्रशासन) से हो या खादी (नेता) से, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवंत मान कब तक जवाबदेही से भागेंगे? नैतिकता के आधार पर तो उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। पंजाब के युवाओं को जुमले नहीं, न्याय चाहिए।