
तमिलनाडु के होसुर में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की फैक्ट्री में बड़ा हादसा हुआ है। इसमें तीन कर्मचारियों की मौत हो गई है। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया। फिलहाल घटना की वजह और इससे जुड़े अन्य जानकारी सामने नहीं आई है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद राज्य सरकार भी सक्रिय हो गई है। राज्य की मंत्री विरुधई मगाल कीर्तना ने हादसे पर दुख जताते हुए जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जांच होगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
राज्य मंत्री विरुधई मगाल कीर्तना ने बताया कि उन्होंने जिला प्रशासन से बातचीत की है और प्रभावित परिवारों को हर जरूरी मदद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए बिना किसी देरी के जरूरी कदम उठाए जाएं।
मंत्री कीर्तना ने कहा कि किसी भी फैक्ट्री या औद्योगिक इकाई में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सबसे ज्यादा जरूरी है। मजदूरों की जान की कीमत किसी भी उत्पादन या व्यावसायिक लक्ष्य से अधिक है।
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि इस हादसे की पूरी जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी कारण सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई होगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।