TCS Nashik case: नाशिक धर्मांतरण मामले की आरोपी निदा खान के परिवार ने सभी आरोपों को खारिज कर इसे राजनीतिक साजिश बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब नासिक नासिक के गॉडमैन के मामले को दबाने के लिए किया गया है।
TCS Nashik case: नाशिक की टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) से जुड़े कथित जबरन धर्मांतरण मामले ने पूरे देश में बहस छेड़ दी है। कंपनी के बीपीओ यूनिट में सालों तक महिला कर्मचारियों का यौन उत्पीड़न होने और उनका जबरन धर्म परिवर्तन कराए जाने का मामला राष्ट्रीय चर्चा का विषय बन गया है। इस मामले में अब तक नौ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और सात पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। वहीं इस पूरे मामले की मास्टरमाइंड कही जाने वाली निदा खान फिलहाल फरार चल रही है। इसी बीच नीदा के परिवार का इस मामले पर बयान सामने आया है। परिवार ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे साजिश करार दिया है। परिवार का कहना है कि यह मामला राजनीतिक रूप से प्रेरित है और किसी अन्य केस को दबाने के लिए बनाया गया है।
परिवार का कहना है कि निदा ने कभी किसी को धर्म बदलने के लिए मजबूर नहीं किया। उनके पिता ने साफ कहा कि उनकी बेटी ने न तो किसी से इस विषय पर बात की और न ही किसी के धार्मिक विश्वासों का अपमान किया। उन्होंने दावा किया कि शिकायत करने वाले व्यक्ति से भी निदा की कोई बातचीत नहीं हुई थी। परिवार के अनुसार, वे सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और इस तरह के आरोप पूरी तरह निराधार हैं। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि यह पूरा मामला नासिक के गॉडमैन विवाद को दबाने के लिए तैयार किया गया है। उनका कहना है कि निदा को एक खास व्यक्ति पर दबाव बनाने के लिए निशाना बनाया जा रहा है। परिवार ने खुद को आर्थिक रूप से कमजोर बताते हुए कहा कि निदा ही घर का सहारा है और इस विवाद ने पूरे परिवार को मानसिक रूप से प्रभावित किया है।
वहीं दूसरी तरफ 26 वर्षीय निदा खान ने गिरफ्तारी से बचने के लिए नासिक की एक अदालत में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की है। उसने दावा किया है कि वह प्रेग्नेंट है और इसी मेडिकल स्थिति को आधार बनाकर उसने राहत की मांग की है। बता दें कि निदा पिछले 21 दिनों से फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। निदा के अलावा अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन आरोपियों में दानिश शेख, तौसीफ अत्तार, रजा मेमन, शाहरुख कुरैशी, शफी शेख, आसिफ आफताब अंसारी और महिला प्रबंधक (संचालन) अश्विनी छनानी शामिल हैं।