
Tejashwi Yadav: बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने राज्य में बाढ़ की स्थिति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा आयोजित 'सेवा संकल्प' कार्यक्रम को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा है। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि जहां बिहार में 49 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ के संकट से जूझ रहे हैं, वहीं डबल इंजन सरकार राहत पहुंचाने के बजाय प्रधानमंत्री के प्रचार और कार्यक्रमों पर पैसा बर्बाद कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रमों पर सवाल उठाते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार जैसे आर्थिक रूप से कमजोर राज्य में सिर्फ दीयों, बत्तियों और तेल पर ही 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जहां बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोग खाने के एक निवाले के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं, वहीं सरकार राहत राशि बढ़ाने के बजाय इवेंट मैनेजमेंट में लगी हुई है। पीड़ितों की मदद करने की जगह यह फिजूलखर्ची हो रही है।
तेजस्वी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय टीम के बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे को महज दिखावा करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार के प्रभावित इलाकों का सही आकलन करने के बजाय, केंद्रीय टीम ने सिर्फ पटना के मरीन ड्राइव और कुछ अन्य जगहों का दौरा किया ताकि तस्वीरें खिंचवाई जा सकें।
बाढ़ की स्थिति पर सवाल पूछे जाने पर तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार ने शुरू में कोई सुध नहीं ली और विपक्ष के दबाव के बाद महज 7,000 रुपये की मामूली राहत राशि बांटी गई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को बिहार के लिए कम से कम 5,000 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की घोषणा करनी चाहिए थी। तेजस्वी ने यह भी सवाल उठाया कि बिहार में आई बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा क्यों घोषित नहीं किया गया।
तेजस्वी यादव ने 2,000 से ज्यादा के मर्चेंट UPI ट्रांजैक्शन पर लगने वाले नए चार्ज (MDR) को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुकिंग गैस, पेट्रोल, डीजल और रोजमर्रा की जरूरी चीजों की कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। डिजिटल ट्रांज़ैक्शन को बढ़ावा देने के बाद, अब जनता पर नए टैक्स और चार्ज लगाए जा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या यही मोदी सरकार के वादे वाले 'अच्छे दिन' हैं।
यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए तेजस्वी यादव ने जदयू पर तंज कसा और उसे BJP की B-टीम करार दिया। उन्होंने दावा किया कि जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा जल्द ही JDU का BJP में पूरी तरह विलय करा देंगे। तेजस्वी ने अपनी पार्टी का रुख फिर से दोहराते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) किसी भी कीमत पर बिहार में UCC लागू नहीं होने देगा और सड़क से लेकर विधानसभा तक इसका विरोध करेगी।