BJP Attacks Tejashwi Yadav: राजद नेता तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। जायसवाल ने कहा कि यह अधिकार यात्रा नहीं, बल्कि 'भ्रष्टाचार बचाओ' मार्च है।
Bihar Election: बिहार की राजनीति में तेज रफ्तार पकड़ ली है। आगामी विधानसभा चुनावों के बीच राजद नेता तेजस्वी यादव की 'वोटर अधिकार यात्रा' पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने जोरदार हमला बोला है। उन्होंने इसे 'भ्रष्टाचार बचाओ यात्रा' करार दिया। इसी बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया दौरे के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 18 सितंबर को पटना पहुंचेंगे। जायसवाल ने इसकी घोषणा की, जो चुनावी रणनीति को मजबूत करने का संकेत देता है।
ये भी पढ़ें
दिलीप जायसवाल ने कहा कि तेजस्वी यादव की यह यात्रा अधिकार की नहीं, बल्कि 'भ्रष्टाचार बचाओ' मार्च है। उन्होंने 2005 से पहले राजद सरकार के दौर को याद दिलाते हुए आरोप लगाया कि तब अपहरण का उद्योग और जबरन वसूली का राज था। जायसवाल बोले, वे उसी पुरानी स्थिति को लौटाना चाहते हैं, लेकिन बिहार की जनता उनके इस सपने को कभी साकार नहीं होने देगी। यह बयान यात्रा के दौरान दरभंगा में कथित तौर पर पीएम मोदी और उनकी मां पर अपशब्दों की घटना के बाद आया, जिसके खिलाफ भाजपा ने राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया था। जायसवाल ने कहा, यह यात्रा पंक्चर हो चुकी है, सुप्रीम कोर्ट खुद निगरानी कर रहा है। विपक्ष पर 'जंगल राज' लौटाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने जनता से एनडीए को समर्थन देने की अपील की।
प्रधानमंत्री मोदी के पूर्णिया दौरे के बाद अब अमित शाह बिहार फोकस कर रहे हैं। जायसवाल ने बताया कि 18 सितंबर को शाह सासाराम (डेहरी) में 2500 कार्यकर्ताओं से मिलेंगे, जहां आगामी चुनावों पर विस्तृत चर्चा होगी। उसके बाद बेगूसराय जाएंगे, जहां 10 जिलों के ढाई हजार कार्यकर्ताओं के साथ बैठक होगी। यह दौरा भाजपा की 'घर-घर संपर्क अभियान' और 'सेवा पखवाड़ा' को गति देगा। सूत्रों के अनुसार, सीट बंटवारा, उम्मीदवार चयन और कैंपेन रणनीति पर फोकस रहेगा। शाह का यह दौरा एनडीए को 225+ सीटों के लक्ष्य की ओर मजबूत करेगा।
जायसवाल ने पीएम मोदी के 15 सितंबर के पूर्णिया दौरे को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा, पूर्णिया की धरती पर इतना बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम कभी नहीं हुआ। जनता उत्सव मना रही थी। मोदी और सीएम नीतीश कुमार ने बिहार को कई सौगातें दीं, जिनमें दो अमृत भारत ट्रेनें, एक वंदे भारत एक्सप्रेस, पीरपैंती पावर प्रोजेक्ट शामिल हैं। जायसवाल ने कहा, मोदी ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी विदेशी घुसपैठिए को बिहार में रहने का अधिकार नहीं। यह बयान विपक्ष पर घुसपैठ और अपराध के मुद्दे पर हमले का हिस्सा है।