राष्ट्रीय

नीतीश सेतु के दोबारा उद्घाटन पर तेजस्वी यादव ने उठाए सवाल, PM मोदी से बोले- केंद्र ने एक पैसा नहीं दिया

Tejashwi Yadav: नीतीश सेतु के दोबारा उद्घाटन पर तेजस्वी यादव ने PM मोदी से सवाल किया है। उन्होंने दावा किया कि पुल 17 महीने से चालू है और केंद्र ने परियोजना में कोई पैसा नहीं दिया है।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 7:52 PM IST
Tejashwi Yadav news
तेजस्वी यादव(फोटो-ANI)

Nitish Setu: बिहार में नीतीश सेतु के उद्घाटन को लेकर सियासी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उद्घाटन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार ने एक भी पैसा नहीं दिया है और पुल का उद्घाटन तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करीब 17 महीने पहले ही कर चुके हैं।

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए लिखा कि यह पुल पिछले 17 महीनों से चालू है। ऐसे में इसे दोबारा उद्घाटित करने की जरूरत क्यों पड़ रही है? उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री इस परियोजना पर अपने नाम की पट्टिका लगवाना चाहते हैं?

'परियोजना का श्रेय लेने से बचें PM मोदी'


तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार की ओर से कोई आर्थिक मदद नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक साल पांच महीने पहले ही पुल का उद्घाटन कर दिया था और तब से यह आम लोगों के इस्तेमाल के लिए चालू है। आरजेडी नेता ने प्रधानमंत्री से इस परियोजना का श्रेय लेने से बचने की अपील की। उन्होंने इसे अनावश्यक रूप से खुद को श्रेय देने और अपनी उपलब्धि बताने की कोशिश करार दिया।

नीतीश सेतु के विज्ञापन में CM की तस्वीर नहीं होने पर भी हुआ था विवाद


इससे पहले भी नीतीश सेतु को लेकर राजनीतिक विवाद सामने आया था। बिहार सरकार की ओर से पुल के उद्घाटन से जुड़े विज्ञापन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर नहीं होने पर आरजेडी ने सवाल उठाए थे। आरजेडी ने कहा था कि जिस पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है, उसी के उद्घाटन से जुड़े विज्ञापन में मुख्यमंत्री की तस्वीर नहीं है।

हालांकि, बीजेपी ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया था। बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने कहा था कि पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखना ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति सबसे बड़ा सम्मान है।

नीतीश सेतु को लेकर क्यों उठ रहे हैं सवाल?


नीतीश सेतु के उद्घाटन और उससे जुड़े विज्ञापन को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी जारी है। तेजस्वी यादव ने अब पुल के पहले से चालू होने और केंद्र सरकार की कथित वित्तीय हिस्सेदारी नहीं होने का मुद्दा उठाया है। वहीं, इससे पहले बीजेपी ने नामकरण को ही मुख्यमंत्री के प्रति सम्मान बताया था।

Updated on:
20 Nov 2026, 7:52 PM IST
Published on: