राष्ट्रीय

तेजस्वी यादव का PM मोदी पर साधा निशाना, बोले- बेरोजगारी और महंगाई पर बात क्यों नहीं करते? बिहार में कारखाने क्यों नहीं लगाए

तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'दिमागी नक्सल' बयान पर पलटवार करते हुए महंगाई, बेरोजगारी और रुपये की गिरती कीमत को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने बिहार में उद्योग और कारखाने नहीं लगाने को लेकर भी पीएम मोदी को घेरा।
2 min read
• •
Updated: 9 Nov 2026, 3:42 PM IST
Dimagi Naxal Remark
तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी पर साधा निशाना (Photo-IANS)

राजद नेता तेजस्वी यादव ने पीएम नरेंद्र मोदी के दिमागी नक्सल वाले बयान पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश में बेरोजगारी और महंगाई जैसे गंभीर मुद्दों पर बात करने के बजाय नए-नए शब्द गढ़ रहे हैं। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि आखिर केंद्र सरकार देश से बेरोजगारी खत्म करने और महंगाई पर लगाम लगाने में नाकाम क्यों रही है?

उन्होंने पटना में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नए शब्दों और शब्दावलियों का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन उन्हें देश की वास्तविक समस्याओं पर जवाब देना चाहिए।

तेजस्वी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री शायद जेन- जी (Gen Z) की बात कर रहे हैं। जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल ये लोग करते हैं और प्रधानमंत्री लगातार नए-नए शब्द लेकर आते हैं, वह हैरान करने वाला है। सबसे अहम सवाल यह है कि देश से बेरोजगारी खत्म क्यों नहीं हो रही है? महंगाई चार गुना बढ़ गई है। चीन लगातार हमारी जमीन की ओर बढ़ रहा है। रुपये की कीमत गिर रही है और डॉलर लगातार मजबूत हो रहा है।

इस दौरान राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार में औद्योगिक विकास को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने सवाल किया कि बिहार में अब तक बड़े कारखाने क्यों नहीं लगाए गए। तेजस्वी ने कहा कि अगर बिहार में उद्योग और रोजगार के अवसर पैदा किए गए होते, तो आज सरकार को कथित 'दिमागी नक्सलियों' के सवालों का सामना नहीं करना पड़ता।

क्या है 'दिमागी नक्सल' को लेकर पूरा विवाद?

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर में जवानों के साथ दिवाली मनाने के दौरान देश में नक्सलवाद के खतरे को लेकर आगाह किया था। उन्होंने कहा था कि जंगलों में हथियारबंद नक्सलियों का सफाया किया जा चुका है, लेकिन 'दिमागी नक्सल' अब भी देश के लिए चुनौती बने हुए हैं।

प्रधानमंत्री के मुताबिक, ऐसे तत्व कई संगठनों और राजनीतिक दलों में घुसपैठ कर चुके हैं और लोगों को संविधान तथा लोकतंत्र के खिलाफ भड़काने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें परास्त करना और देश की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।

पिछली सरकारों पर भी साधा था निशाना

बस्तर में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने नक्सल विरोधी अभियानों को लेकर पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सुरक्षा बलों के हाथ बांधकर रखे जाते थे और नक्सली हमलों के बावजूद जवानों को खुलकर जवाबी कार्रवाई करने की स्वतंत्रता नहीं थी।

पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने सुरक्षा बलों को जरूरी फैसले लेने की पूरी छूट दी है। साथ ही, वामपंथी उग्रवाद को व्यवस्था के भीतर से मिलने वाले कथित समर्थन को रोकने के लिए भी कदम उठाए हैं।

प्रधानमंत्री के इसी बयान के बाद अब तेजस्वी यादव ने महंगाई, बेरोजगारी, रुपये की गिरती कीमत और बिहार में औद्योगिक विकास जैसे मुद्दों को उठाते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।

Updated on:
9 Nov 2026, 3:42 PM IST
Published on: