राष्ट्रीय

बिहार से शुरू हुआ ‘वोट चोरी’ का खेल पूरे देश में पहुंचा, INDIA गठबंधन की बैठक से पहले तेजस्वी का चुनाव आयोग पर हमला

INDIA Alliance Meeting: तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि वोट चोरी का तरीका बिहार से शुरू हुआ और बाद में पूरे देश में लागू किया गया। उन्होंने कहा कि वे INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल होने जाएंगे।
2 min read
• •
Sep 29, 2026
Tejashwi Yadav News
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (फोटो- IANS)

Election Commission Controversy: भारत निर्वाचन आयोग (ECI) में ज्ञानेश कुमार को लेकर उठ रहे विवाद पर INDIA गठबंधन कल मीटिंग करेगा। इस मीटिंग में गठबंधन के कई नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इस मीटिंग में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी शामिल होंगे। इससे पहले उन्होंने मीडिया से बात करते हुए एक बार फिर से चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने कहा कि वोट चोरी का तरीका बिहार से शुरू किया गया और बाद में इसे पूरे देश में लागू किया गया। तेजस्वी ने दावा किया कि चुनाव दर चुनाव बीजेपी को जिताने के लिए वोटों में हेरफेर का तरीका अपनाया गया। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जानकारी अब जनता के सामने आ चुकी है।

दो चुनाव आयुक्तों के सवालों का जिक्र

तेजस्वी यादव ने कहा कि वोट चोरी का तरीका खुद दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों के जरिए सामने आया है। उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति इस तरह वोटों में हेरफेर कर सकता है और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा सकता है, तो देश कैसे चलेगा। हाल ही में चुनाव आयोग के कामकाज और SIR को लेकर दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों की खबरें सामने आई थी। इन मुद्दों पर विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं।

30 सितंबर को INDIA ब्लॉक की बैठक

तेजस्वी यादव ने बताया कि 30 सितंबर को सुबह 11 बजे दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में INDIA ब्लॉक की बैठक होगी। उन्होंने कहा कि वह बैठक में शामिल होने जाएंगे और अपनी बात रखेंगे। इस बैठक में चुनाव आयोग, SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दों पर विपक्षी दल चर्चा करने वाले हैं।

AAP ने बैठक से बनाई दूरी

AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि वह INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं है, इसलिए वह बैठक में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग को लेकर AAP पहले ही हस्ताक्षर कर चुकी है। अगर संसद में उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव आता है और उस पर कार्रवाई होती है, तो पार्टी अन्य विपक्षी दलों के साथ मिलकर इसमें हिस्सा लेगी।

Updated on:
29 Sept 2026 07:57 pm
Published on:
29 Sept 2026 07:57 pm