
आदिलाबाद। तेलंगाना के आदिलाबाद में पुलिस ने लोगों को पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह 'चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया' के नाम से छपे नकली नोटों को असली बताकर लोगों को ठगता था। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 40 लाख रुपए से अधिक कीमत के 99 बंडल नकली नोट, 100 नकली सोने के सिक्के और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक अखिल महाजन ने बताया कि गिरोह के दो मुख्य आरोपी पहले ही एक अन्य मामले में गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
एसपी ने बताया कि गिरोह के मुख्य आरोपी अतरम परशुराम (40) और मंडली बक्कन्ना (47) लोगों को पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के जरिए पैसा दोगुना करने का लालच देते थे। इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य उन्हें 'चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया' के नाम से छपे नोटों के बंडल उपलब्ध कराते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निर्मल जिले के एंबाडी मल्लेश (36), मंचेरियल जिले के चीथी तरुण (24), जमालपुर साई कृष्णा उर्फ साई (25) और पेंड्रम सुरेश (39) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि गिरोह ने मंचेरियल जिले के पट्टी रामुलु को भी अपना शिकार बनाया था। नवंबर 2023 में मुख्य आरोपी परशुराम ने उससे पूजा कराने के नाम पर 6.50 लाख रुपए लिए और बदले में 13 लाख रुपए लौटाने का वादा किया। इसके बाद आरोपी ने उसे एक बैग दिया और कहा कि इसे 10 दिन बाद खोलना। जब पीड़ित ने बैग खोला तो उसमें असली नोटों की जगह 'चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया' के नोट और सफेद कागज मिले। इसके बाद आरोपियों ने मकान की शुद्धि के लिए पूजा कराने के नाम पर उससे 1.50 लाख रुपए और ले लिए। इस तरह पीड़ित से कुल 8 लाख रुपए ठग लिए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ठगी के लिए एक खास तरीका अपनाता था। आरोपी नोटों के बंडल के सबसे ऊपर और सबसे नीचे असली करेंसी के नोट लगाते थे, जबकि बीच में 'चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया' के नकली नोट रखे जाते थे। इससे पहली नजर में पूरा बंडल असली दिखाई देता था और लोग आसानी से धोखाधड़ी का शिकार हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के खिलाफ आदिलाबाद, निर्मल, निजामाबाद और हैदराबाद जिलों में मामले दर्ज हैं। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने करीब 40 लोगों को ठगा है। पीड़ित की 22 नवंबर 2026 को मिली शिकायत के आधार पर उत्नूर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि वे भी इस गिरोह की ठगी का शिकार हुए हैं तो बिना किसी डर के सामने आएं और शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस ने बताया कि गिरोह के मुख्य आरोपी परशुराम और बक्कन्ना को इससे पहले आदिलाबाद जिले के इचोड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।