राष्ट्रीय

Telangana SIR: CM रेवंत रेड्डी ने चुनाव आयोग से 4 हफ्ते अतिरिक्त समय मांगा, जानें क्या है पूरा मामला

Revanth Reddy SIR deadline extension: तेलंगाना में SIR को लेकर CM रेवंत रेड्डी ने चुनाव आयोग से आपत्ति और शिकायत दर्ज कराने की समयसीमा 4 हफ्ते बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने पात्र मतदाताओं के नाम न हटाने और प्रक्रिया को आसान बनाने की अपील की।
2 min read
Telangana CM urges ECI to extend SIR deadline.
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी। (फोटो : ANI )

Telangana Chief Minister A Revanth Reddy on SIR: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने चुनाव आयोग से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची पर आपत्तियां और शिकायतें दर्ज कराने की समय सीमा बढ़ाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि अंतिम मतदाता सूची में किसी भी पात्र मतदाता का नाम नहीं छूटना चाहिए और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल नहीं होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने पत्र में क्या लिखा?

मुख्यमंत्री ने लिखे पत्र में कहा है कि SIR के दौरान मतदाताओं को पर्याप्त समय और जरूरी सहायता मिलनी चाहिए। उन्होंने प्रक्रिया में उचित सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की भी मांग की। रेवंत रेड्डी ने चुनाव आयोग के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 10 जून 2026 तक तेलंगाना में 3.38 करोड़ मतदाता थे। इनमें से 73.39 लाख (21.7 प्रतिशत) मतदाताओं की पहचान अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाता श्रेणी के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि इस श्रेणी में शामिल करीब 62 प्रतिशत यानी लगभग 45.19 लाख मतदाताओं को स्थायी रूप से दूसरी जगह चले गए लोगों के रूप में चिन्हित किया गया है। मुख्यमंत्री ने इसे चिंता का विषय बताया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्थान बदल चुके मतदाताओं के नाम हटाने से पहले निर्धारित नोटिस प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा है।

रेवंत रेड्डी ने डिजिटाइज किए गए गणना फॉर्म में गड़बड़ियों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि 2.65 करोड़ डिजिटाइज किए गए फॉर्म में से 60.50 लाख में गलतियां पाई गईं, जबकि 32.36 लाख फॉर्म पुराने मतदाता रिकॉर्ड से लिंक नहीं हो सके। उनके मुताबिक, इससे करीब 92.86 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी करने की स्थिति बन सकती है, जो राज्य के लगभग एक-तिहाई मतदाताओं को प्रभावित कर सकता है।

आपत्तियों और शिकायतों के लिए मांगा समय

रेवंत रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना में निकट भविष्य में कोई चुनाव प्रस्तावित नहीं है। इसलिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम व्यापक और सही तरीके से पूरा करने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध है। उन्होंने 17 अगस्त से 16 सितंबर तक आपत्तियां और शिकायतें दर्ज कराने की मौजूदा अवधि को चार सप्ताह और बढ़ाने की मांग की। साथ ही उन्होंने 19 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करने की समय सीमा में भी इसी के अनुरूप बदलाव करने की मांग की।

Updated on:
30 Aug 2026 11:52 am
Published on:
30 Aug 2026 11:52 am