गाजियाबाद में रात 2 बजे आखिर क्या हुआ था? चश्मदीद ने बताया कि कैसे एक लड़की गिरने वाली थी और दो लड़कियां उसे खींच रही थीं। इस खौफनाक मंजर की पूरी खबर पढ़ें।
Ghaziabad Triple Suicide: दिल्ली से सटे गाजियाबाद में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार की तीन नाबालिग सगी बहनों ने 9वीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। लोनी इलाके के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में हुई इस घटना की शुरुआती जांच में बेहद चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। रात करीब 2 बजे हुई इस त्रासदी का चश्मदीद द्वारा बताया गया आंखों देखा हाल किसी का भी दिल दहला सकता है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, सोसाइटी में रहने वाले एक चश्मदीद ने बताया कि वह ऑफिस का काम खत्म करने के बाद सोने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सामने वाली बालकनी पर गई, जिसकी लाइट जल रही थी। उन्होंने देखा कि एक लड़की रेलिंग के ऊपर बाहर की तरफ पैर करके बैठी थी। उसे देखकर साफ लग रहा था कि वह छलांग लगाने का प्रयास कर रही है।
चश्मदीद ने आगे बताया कि पहले वह लड़की रेलिंग से नीचे उतरी, तो दूसरी बहन ने उसे खींचने की कोशिश की। उस पल मुझे लगा कि शायद उनके बीच कोई आपसी झगड़ा हो रहा है, लेकिन अगले ही पल वह लड़की फिर से रेलिंग पर चढ़ गई। इसके बाद एक बहन ने दूसरी को गले लगाया। मुझे अनहोनी की आशंका हुई ही थी कि देखते ही देखते तीनों बहनों ने एक साथ छलांग लगा दी। शुरुआत में ऐसा लगा कि दो लड़कियां तीसरी को बचाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन अंत में तीनों ने एक साथ मौत को गले लगा लिया।
चश्मदीद के अनुसार, तीनों बहनें सिर के बल नीचे गिरीं। घटना के तुरंत बाद उन्होंने एम्बुलेंस को कॉल किया, जो लगभग एक घंटे बाद मौके पर पहुंची।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच 'ऑनलाइन मोबाइल गेम टास्क' के एंगल से कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि लड़कियां किसी ऐसे खतरनाक खेल या टास्क का हिस्सा थीं, जिसके दबाव में उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। ताज्जुब की बात यह है कि पड़ोसी और परिजन इस बात से पूरी तरह अनजान थे कि लड़कियां इस तरह के जानलेवा जाल में उलझी हुई हैं।