राष्ट्रीय

पति के ठेकेदारी काम के लिए मांगी थी मदद… फायदा नहीं हुआ तो लगाए आरोप, TMC सांसद कल्याण ने एक्टर रचना बनर्जी पर किया पलटवार

Rachna Banerjee Vs Kalyan Banerjee: रचना बनर्जी और कल्याण बनर्जी के बीच तीखी बयानबाजी से टीएमसी के भीतर तनाव खुलकर सामने आ गया है। सेलिब्रिटी राजनीति को लेकर उठे आरोपों ने पश्चिम बंगाल की सियासत में नया विवाद खड़ा कर दिया है।
2 min read
Jul 01, 2026
Kalyan Banerjee
कल्याण बनर्जी का रचना बनर्जी पर पलटवार (Patrika)

TMC internal Conflict: टीएमसी (TMC) के भीतर जारी तनाव अब खुलकर सामने आने लगा है। हुगली से सांसद और अभिनेत्री से नेता बनीं रचना बनर्जी (Rachna Banerjee) और श्रीरामपुर सांसद कल्याण बनर्जी (Kalyan Banerjee) के बीच बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। दोनों नेताओं के तीखे बयानों ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है।

रचना बनर्जी का पार्टी पर आरोप

हाल ही में रचना बनर्जी ने आरोप लगाया था कि उनकी सेलिब्रिटी पहचान का राजनीतिक इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर भी अप्रत्यक्ष रूप से सवाल उठाए और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर अपनी असहमति जताई। उनके इन बयानों के बाद पार्टी के भीतर चर्चा तेज हो गई और बयानबाजी ने तूल पकड़ लिया।

कल्याण बनर्जी का पलटवार

इन आरोपों पर जवाब देते हुए कल्याण बनर्जी ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी को इस्तेमाल किया जा रहा था, तो सवाल यह उठता है कि वह पार्टी में आई ही क्यों। उन्होंने यह भी कहा क्या वह बच्ची हैं? क्या उन्हें 2024 से पहले यह नहीं पता था कि पार्थ चटर्जी (Partha Chatterjee) और अनुब्रता मंडल (Anubrata Mandal) जैसे नेताओं के खिलाफ कार्रवाई हुई है?

निजी आरोप भी आए सामने

कल्याण बनर्जी ने आगे दावा किया कि रचना बनर्जी अपने पति के ठेकेदारी के काम के लिए मदद मांगने आई थीं, लेकिन जब अपेक्षित लाभ नहीं मिला तो नाराजगी बढ़ गई। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि उनकी राजनीतिक और शैक्षणिक योग्यता क्या है, और लोकसभा में पूछे जाने वाले सवालों को लेकर भी टिप्पणी की।

मिताली बाग का दिया उदाहरण

टीएमसी सांसद मिताली बाग (Mithali Bag) का उदाहरण देते हुए कल्याण बनर्जी ने कहा कि पार्टी में कई ऐसे नेता हैं जो बिना सेलिब्रिटी पृष्ठभूमि के भी मजबूत राजनीतिक पहचान रखते हैं।

लोकसभा से लेकर पार्टी तक बढ़ा तनाव

कल्याण बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि कई संसदीय सवाल पार्टी के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) के कार्यालय से तैयार होकर आते हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि सेलिब्रिटी नेता पार्टी को कमजोर कर रहे हैं, जिससे विवाद और गहरा गया है। रचना बनर्जी और कल्याण बनर्जी के बीच यह टकराव सिर्फ व्यक्तिगत बयानबाजी तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि टीएमसी के भीतर आंतरिक मतभेदों और नेतृत्व शैली पर भी सवाल खड़े कर रहा है।

Published on:
01 Jul 2026 12:53 pm