
फ्रॉड चिंताओं के चलते व्हॉट्सऐप के नए फीचर की जांच करेगी सरकार (फोटो- एआई जनरेटेड)
Whatsapp New Username Feature: व्हॉट्सऐप जल्द ही अपने यूजर्स के लिए एक नया फीचर लॉन्च करने जा रहा है जिसके बाद मोबाइल नंबर साझा किए बिना भी आप किसी से कनेक्ट कर सकेंगे। यूजरनेम नामक इस फीचर में मोबाइल नंबर साझा किए बिना ही बातचीत की सुविधा मिलेगी। हालांकि भारत में यह फीचर लॉन्च होगा या नहीं इसे लेकर अब असमंजस पैदा हो गई है। ऐसी खबरें सामने आ रही है कि केंद्र सरकार व्हॉट्सऐप के आगामी यूजर आईडी सिस्टम की विस्तार से जांच करेगी ताकि यह समझा जा सके कि यह फीचर यूजर प्राइवेसी को मजबूत करेगा या ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर स्कैम के नए खतरे पैदा करेगा। पूरी जांच के बाद ही इस फीचर को भारत में लागू किया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक केंद्र सरकार मेटा (Meta) के स्वामित्व वाले व्हॉट्सऐप के नए ‘यूजर आईडी’ फीचर के प्राइवेसी और सुरक्षा पहलुओं की समीक्षा करेगी। हाल के महीनों में भारत में ऑनलाइन फ्रॉड और फेक अकाउंट से जुड़े मामलों में लगातार वृद्धि देखी गई है। ऐसे में सरकार यह जानना चाहती है कि कहीं यूजरनेम आधारित सिस्टम स्कैमर्स को अपनी पहचान छिपाने का नया रास्ता तो नहीं देगा। अगर जांच के दौरान किसी तरह की अनियमितता या सुरक्षा कमी सामने आती है, तो Meta को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जा सकता है। अधिकारियों का मानना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर यूजर सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है और किसी भी नए फीचर को लागू करने से पहले उसकी पूरी समीक्षा जरूरी है।
व्हॉट्सऐप के अनुसार, नया फीचर यूजर्स को बिना फोन नंबर बताए बातचीत शुरू करने की सुविधा देगा। कंपनी का कहना है कि कई लोग ग्रुप चैट या नए लोगों से बात करते समय अपना मोबाइल नंबर साझा करने में सहज महसूस नहीं करते। व्हॉट्सऐप की हेड ऑफ प्रोडक्ट एलिस न्यूटन-रेक्स ने कहा कि इस फीचर का उद्देश्य यूजर्स को यह नियंत्रण देना है कि वे प्लेटफॉर्म पर खुद को कैसे दिखाना चाहते हैं। यूजरनेम अधिकतम 35 अक्षरों का होगा और इसे ऐप की प्रोफाइल सेटिंग्स से रिजर्व किया जा सकेगा। शुरुआती चरण में यह सुविधा केवल मोबाइल एप पर उपलब्ध होगी। कंपनी ने यह भी साफ किया है कि यूजर कभी भी अपना यूजरनेम बदल या हटा सकेंगे।
हालांकि व्हॉट्सऐप इस फीचर को प्राइवेसी के लिहाज से बड़ा कदम बता रहा है, लेकिन विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि स्कैमर्स नकली यूजरनेम बनाकर लोगों को धोखा दे सकते हैं। खासतौर पर सेलिब्रिटी, बिजनेस और लोकप्रिय नामों की नकल कर फर्जी अकाउंट बनाए जाने का खतरा बढ़ सकता है। इसे देखते हुए व्हॉट्सऐप ने दावा किया है कि उसने दुरुपयोग रोकने के लिए कई सुरक्षा स्तर तैयार किए हैं। कंपनी वैकल्पिक यूजरनेम की फीचर भी ला सकती है, जिसमें यूजर छोटे न्यूमेरिक कोड साझा कर अपनी असली पहचान प्रमाणित कर सकेंगे। फिलहाल इस फीचर का रोलआउट अलग-अलग स्टेप में होगा और भारत में इसकी अंतिम स्थिति सरकार की समीक्षा के बाद ही स्पष्ट होगी।
Published on:
01 Jul 2026 05:52 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
