
Baruipur Encounter: बंगाल के बरुईपुर नाबालिग के साथ हुई हैवानियत के आरोपी का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया है। लेकिन इस एनकाउंटर पर TMC सांसद सौगत रॉय भड़क गए हैं। सांसद ने इस मुठभेड़ को पूरी तरह फर्जी और पुलिस की कहानी को मनगढ़ंत बता दिया है। सांसद ने आरोप लगाया कि बंगाल पुलिस ने अब यूपी की तरह एनकाउंटर के नाम पर हत्या करने का नया तरीका शुरू कर दिया है। उन्होंने मांग की है कि इस घटना का पूरा सच सामने आना चाहिए और इसके लिए जिम्मेदार पुलिसवालों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।
टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने कहा कि मैं इस पूरी घटना की कड़ी निंदा करता हूं। पुलिस ने मनगढ़ंत कहानी पेश की है। मुठभेड़ के मामलों में पुलिस अक्सर यही बहाना देती है कि आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था और इसलिए उन्हें गोली चलानी पड़ी। मुझे इस बात पर यकीन नहीं है। सच्चाई यह है कि पुलिस ने यहां मुठभेड़ में हत्याओं का सिलसिला शुरू कर दिया है।
आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस एनकाउंटर में मौत के बात उसकी मां ने कहा कि दो पुलिसवाले मेरे घर आए थे। मैं उस समय सोकर उठी ही थी। उन्होंने मुझे बताया कि मेरा बेटा मर चुका है और पूछा कि क्या मैं अस्पताल जाना चाहूंगी। मैंने उनसे कहा कि मैं नहीं जा सकती क्योंकि मेरे पति बीमार हैं।
आरोपी की मां ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैंने उनसे कहा कि वे जो चाहें करें, मुझे कोई आपत्ति नहीं है। मेरे बेटे को उसके किए की सजा मिल गई है। मैं उसका शव नहीं लूंगी। मैं उसका शव घर नहीं लाऊंगी। उसने कोई अच्छा काम नहीं किया था। उसने गलत काम किया और उसे उसकी सजा मिल गई। उसे मार डालो या जो चाहो करो। मुझे कोई आपत्ति नहीं है। मैं उसका शव नहीं लूंगी।
बारुईपुर में एक लड़की के कथित रेप और मर्डर के मुख्य आरोपियों में से एक को बुधवार तड़के एक एनकाउंटर में मार गिराया गया। एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि क्राइम सीन को फिर से बनाने की प्रक्रिया के दौरान उसने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की थी। बारुईपुर ज़िला अस्पताल की तस्वीरें, जहां उसका शव रखा गया है।