
Jensen Huang: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एनवीडिया के संस्थापक व CEO जेन्सेन हुआंग का बचाव किया है। ट्रंप ने उन्हें सम्मानित इंसान बताया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हुआंग को इस कंपनी के प्रमुख पद पर बने रहना चाहिए। दरअसल, हुआंग पर उन महिलाओं के साथ संबंध बनाने के आरोप हैं, जिन पर अमेरिका में चीन के लिए जासूसी करने का शक है।
डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा कि मेरी हुआंग से उनकी सीधे बात नहीं हुई है, लेकिन हुआंग ने देश के लिए अच्छा काम किया है। वह एक अच्छे इंसान हैं। मुझे उम्मीद है कि सब ठीक होगा। उन्होंने शानदार काम किया है। वहीं, पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि खुफिया एजेंसियों से जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पहले कार्रवाई क्यों नहीं की, तो ट्रंप ने इससे इनकार किया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का मौका मिलना चाहिए। ट्रंप ने कहा कि वह शानदार इंसान हैं। उन्होंने अमेरिका के लिए शानदार काम किया है। हमें उन्हें सुनना चाहिए।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान ऐसे समय में आया है, जब एनवीडिया के निदेशक मंडल ने इस आरोप की स्वतंत्र जांच शुरू की है कि हुआंग को किसी विदेशी खुफिया अभियान का निशाना बनाया गया था। हुआंग ने भी एक टेक कंपनी की महिला अधिकारी के साथ एक्सट्रा मेरैटल अफेयर की बात स्वीकारी थी। अमेरिकी जांच एजेंसियां उस महिला को चीनी जासूस मानती है।
एनवीडिया ने अपने बयान में कहा कि बोर्ड एक स्वतंत्र जांच शुरू कर रहा है, क्योंकि हाल की रिपोर्टों में कहा गया है कि संस्थापक और सीईओ जेन्सेन हुआंग को विदेशी खुफिया प्रयास का निशाना बनाया गया। बोर्ड के लिए अमेरिका की राष्ट्रीय और आर्थिक सुरक्षा सर्वोपरि है। बोर्ड के पास यह मानने का कोई कारण नहीं है कि राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया के राजों से समझौता हुआ है, फिर भी जांच में सभी उपलब्ध जानकारी देखी जाएगी।
कंपनी ने यह भी बताया कि हुआंग ने जांच का स्वागत किया है और जांचकर्ताओं के साथ सहयोग करने का वादा किया है। बोर्ड को हुआंग और उनकी टीम पर भरोसा है और वह आगे जरूरी जानकारी देता रहेगा।
फॉक्स न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, हुआंग ने कर्मचारियों को भेजे आंतरिक संदेश में अपनी गलती मानी। उन्होंने लिखा कि मैंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की। मेरे कार्यों से उन्हें और हमारे बच्चों को दुख पहुंचा। इसका कोई बहाना नहीं है।