राष्ट्रीय

तमिलनाडु उपचुनाव के लिए TVK ने उतारे उम्मीदवार, AIADMK छोड़कर पार्टी में आए दोनों नेताओं पर लगाया दांव

तमिलनाडु उपचुनाव के लिए TVK ने मदुरांतकम और धारापुरम सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं। दोनों नेता पहले AIADMK के टिकट पर जीते थे।
2 min read
Sep 10, 2026
TVK by election candidates,
मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय (फोटो सोर्स- IANS)

Tamil Nadu by Election 2026: तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा उपचुनाव को लेकर तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने गुरुवार को मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए। दोनों उम्मीदवार TVK के नेतृत्व वाले सेक्युलर सोशल जस्टिस गठबंधन की ओर से चुनाव लड़ेंगे।

TVK ने मरगाथम कुमारवेल और पी. सत्यबामा को उम्मीदवार बनाया है। दोनों नेता TVK के व्हिसल चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे। विजय ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से दोनों सीटों पर एकजुट होकर काम करने और ऐतिहासिक जीत हासिल करने की अपील की है।

AIADMK के टिकट पर जीते थे दोनों उम्मीदवार

मरगाथम कुमारवेल और पी. सत्यबामा के उम्मीदवार बनाए जाने की सबसे खास बात यह है कि दोनों पिछले विधानसभा चुनाव में AIADMK के दो पत्ती चुनाव चिह्न पर चुनाव जीते थे। उस चुनाव में दोनों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में DMK के उम्मीदवारों को हराया था। बाद में दोनों विधायकों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने 25 मई को विधानसभा अध्यक्ष जेसीडी प्रभाकर को अपना इस्तीफा सौंपा था। इसके कुछ समय बाद दोनों TVK में शामिल हो गए।

दोनों नेताओं के इस्तीफे के बाद ही मदुरांतकम और धारापुरम सीटों पर उपचुनाव की स्थिति बनी। अब TVK ने इन्हीं दोनों नेताओं को दोबारा मैदान में उतारकर बड़ा राजनीतिक दांव खेला है।

TVK के नेतृत्व में लड़ेगा गठबंधन

TVK इन दोनों सीटों पर अकेले चुनाव नहीं लड़ रही है। पार्टी के नेतृत्व में सेक्युलर सोशल जस्टिस गठबंधन बनाया गया है। गठबंधन में शामिल दलों के नेताओं ने बुधवार को बैठक कर गठबंधन के नाम और चुनावी रणनीति को लेकर औपचारिक सहमति जताई।

इस बैठक में कांग्रेस, एमडीएमके, वीसीके और आईयूएमएल समेत गठबंधन के सहयोगी दलों के नेता शामिल हुए। सभी दलों ने दोनों विधानसभा सीटों पर TVK के उम्मीदवारों को समर्थन देने और मिलकर चुनाव प्रचार करने की बात कही।

विजय ने कार्यकर्ताओं की अपील

उम्मीदवारों के ऐलान के बाद विजय ने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से दोनों सीटों पर पूरी ताकत के साथ चुनाव अभियान चलाने की अपील की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एक ही लक्ष्य के साथ काम करने और ऐतिहासिक जीत हासिल करने का आह्वान किया।

इस्तीफा देकर TVK में आए थे छह AIADMK विधायक

मरगाथम कुमारवेल और पी. सत्यबामा उन छह AIADMK विधायकों में शामिल हैं, जिन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने के बाद राजनीतिक पाला बदला था। दोनों ने इस्तीफे के बाद TVK का दामन थामा। दोनों नेताओं ने सचिवालय में लोक निर्माण मंत्री आधव अर्जुन से मुलाकात के बाद TVK में शामिल होने का फैसला किया था। उनके इस्तीफे के बाद ही मौजूदा उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई।

अब TVK ने दोनों पूर्व AIADMK विधायकों को उसी विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतार दिया है जहां वे पहले AIADMK के उम्मीदवार के तौर पर जीत चुके हैं। इससे उपचुनाव की राजनीतिक लड़ाई और दिलचस्प हो गई है।

Updated on:
10 Sept 2026 12:38 pm
Published on:
10 Sept 2026 12:38 pm