राष्ट्रीय

महिला IAS अधिकारी से उत्पीड़न के आरोप में TVK विधायक अरुल विग्नेश गिरफ्तार, मद्रास हाईकोर्ट के दखल के बाद कार्रवाई

तमिलनाडु में CM विजय की पार्टी TVK के विधायक अरुल विग्नेश को महिला IAS अधिकारी की शिकायत के मामले में गिरफ्तार किया गया है। जानिए पूरा मामला और हाईकोर्ट के निर्देश।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 7:21 PM IST
tvk mla C Arul Vignesh Arrested
TVK विधायक अरुल विग्नेश गिरफ्तार(फोटो-ANI)

C Arul Vignesh Arrested: तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के विधायक सी. अरुल विग्नेश को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई एक महिला IAS अधिकारी की ओर से दर्ज कराई गई यौन उत्पीड़न की शिकायत के मामले में हुई है। विधायक पर महिला अधिकारी को अश्लील WhatsApp संदेश भेजने, अनुचित व्यवहार करने और नशे की हालत में उनके सरकारी आवास पर पहुंचने के आरोप हैं। हालांकि, विधायक ने इन आरोपों को खारिज किया है। यह गिरफ्तारी मद्रास हाईकोर्ट की ओर से राज्य सरकार से कार्रवाई में देरी को लेकर सवाल पूछे जाने के तीन दिन बाद हुई है। मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी हस्तक्षेप किया था।

महिला IAS अधिकारी ने लगाए गंभीर आरोप


महिला IAS अधिकारी ने आरोप लगाया कि विधायक अरुल विग्नेश उन्हें अश्लील WhatsApp संदेश भेजते थे। इसके अलावा उन्होंने विधायक पर अनुचित तरीके से करीब आने और नशे की हालत में उनके आधिकारिक आवास पर पहुंचने का आरोप भी लगाया है। बताया गया कि इन आरोपों की जानकारी राज्य सरकार को 31 जुलाई को ही दे दी गई थी। हालांकि, मामला नवंबर में तब ज्यादा चर्चा में आया, जब DMK सांसद कनिमोझी ने सार्वजनिक रूप से इस मुद्दे को उठाया।

मद्रास हाईकोर्ट ने सरकार से पूछा था- जुलाई से अब तक क्या कार्रवाई हुई?


महिला अधिकारी ने 23 नवंबर को पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी। इसके अगले दिन मद्रास हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान राज्य के सरकारी वकील आर. जॉन सत्यन ने अदालत को बताया कि मामले में FIR दर्ज की जा चुकी है। न्यायमूर्ति वी. लक्ष्मीनारायणन ने सरकार से सवाल किया कि जब जुलाई में ही आरोपों की जानकारी मिल गई थी, तो अब तक क्या कार्रवाई की गई? अदालत ने स्वतंत्र सदस्यों वाली आंतरिक शिकायत समिति (ICC) गठित करने का निर्देश दिया। साथ ही महिला अधिकारी की पहचान गोपनीय रखने को कहा।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की उन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जो यौन उत्पीड़न, पीछा करने और महिला की गरिमा का अपमान करने वाले शब्दों, इशारों या कृत्यों से संबंधित हैं।

पुलिस ने समन भेजकर की थी पूछताछ


मामले की जांच तिरुपुर की पुलिस अधीक्षक सृष्टि सिंह को सौंपी गई थी, जबकि पुलिस महानिरीक्षक एन. कामिनी जांच की निगरानी कर रही थीं।

पुलिस ने 25 नवंबर को विधायक अरुल विग्नेश को समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया था। इसके बाद उनके सहयोगियों से भी पूछताछ की गई। शुक्रवार को पुलिस ने विधायक को गिरफ्तार कर लिया।

DMK प्रमुख एमके स्टालिन ने उठाए कार्रवाई में देरी पर सवाल


विधायक की गिरफ्तारी के बाद DMK प्रमुख एमके स्टालिन ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि TVK के सहयोगी दलों के नेताओं और मंत्रियों ने विधायक को बचाने के लिए शिकायत को नजरअंदाज किया था। स्टालिन ने दावा किया कि महिला अधिकारी को सोशल मीडिया पर निशाना बनाया गया और समझौता करने के लिए दबाव डाला गया। उन्होंने कहा कि मद्रास हाईकोर्ट और राष्ट्रीय महिला आयोग के हस्तक्षेप के बाद ही गिरफ्तारी हुई।

Updated on:
27 Nov 2026, 7:21 PM IST
Published on: