राष्ट्रीय

एम.के. स्टालिन को हराने वाले टीवीके विधायक वी.एस. बाबू का निधन, कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुई मृत्यु

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में एम.के. स्टालिन को हराने वाले टीवीके विधायक वी.एस. बाबू का निधन हो गया है।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 5:11 PM IST
V.S. Babu
वीएस बाबू (Photo - ANI)

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में तत्कालीन सीएम एम.के. स्टालिन (M.K. Stalin) को हराने वाले टीवीके विधायक वी.एस. बाबू (V.S. Babu) का निधन हो गया है। उनका पूरा नाम वी. सुंदरमपिल्लई बाबू (V. Sundarampillai Babu) था। उन्होंने आज, गुरुवार, 19 नवंबर को चेन्नई के एमजीएम हेल्थकेयर अस्पताल में अंतिम सांस ली। जानकारी के अनुसार उनकी मृत्यु दोपहर करीब 2:24 बजे कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुई।

काफी समय से थे बीमार

75 वर्षीय टीवीके विधायक बाबू लंबे समय से बीमार थे और सांस संबंधी बीमारी के कारण 9 सितंबर को चेन्नई के एमजीएम हेल्थकेयर अस्पताल में भर्ती हुए थे। कई हफ्तों तक वेंटिलेटर पर रहने और एक्सपर्ट डॉक्टरों की टीम द्वारा इलाज के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और आज उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली।

स्टालिन को उनके ही गढ़ में दी थी शिकस्त

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में कोलाथुर सीट से बाबू ने स्टालिन को हराया था। कोलाथुर सीट को स्टालिन का गढ़ माना जाता था, क्योंकि इस सीट पर वह पहले 3 बार चुनाव जीत चुके थे। 2011, 2016 और 2021 विधानसभा चुनाव में इसी सीट से चुनाव लड़ते हुए स्टालिन विजयी रहे थे और ऐसे में 2026 विधानसभा चुनाव में भी उनकी जीत तय मानी जा रही थी, लेकिन टीवीके के बाबू ने सभी को चौकाते हुए स्टालिन को शिकस्त दी। बाबू ने स्टालिन को 8,795 वोटों के अंतर से हराया था। बाबू को 82,997 वोट मिले थे, जबकि स्टालिन को 74,202 वोट ही मिले। स्टालिन के खिलाफ बाबू की जीत को इस विधानसभा चुनाव का सबसे बड़ा उलटफेर माना गया। बाबू पहले स्टालिन की डीएमके के ही सदस्य थे। उन्होंने 2006 में पुरासावक्कम सीट से विधायक के रूप में जीत हासिल की और वह उत्तरी चेन्नई के जिला सचिव भी रहे। बाद में पार्टी से मतभेद के चलते वह एआईएडीएमके में शामिल हो गए और फिर 2026 में चुनाव से पहले फरवरी 2026 में टीवीके का हिस्सा बने।

स्टालिन ने किया शोक व्यक्त

बाबू के निधन पर स्टालिन ने भी शोक व्यक्त किया है। स्टालिन ने उनके अचानक निधन की खबर को एक बड़ा झटका बताया और उनके शोक संतप्त परिवार और उनकी पार्टी के सदस्यों के प्रति गहरी संवेदना और सहानुभूति जताई।

Updated on:
19 Nov 2026, 5:11 PM IST
Published on: