राष्ट्रीय

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए खरीदे गोल्डन पास और फिर चुराए लाखों के स्मार्टफोन्स, अहमदाबाद पुलिस ने किया दो आरोपियों को गिरफ्तार

अहमदाबद में हाल ही में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में स्मार्टफोन्स की चोरी का मामला सामने आया। अब इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 8:31 AM IST
Smartphone thieves
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से स्मार्टफोन्स चुराने वाले चोर गिरफ्तार (Photo - ANI)

अहमदाबाद (Ahmedabad) के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में 21 नवंबर को दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) के ऑरा इंडिया टूर (Aura India Tour) कॉन्सर्ट के दौरान स्मार्टफोन्स की चोरी का मामला सामने आया। कॉन्सर्ट के दौरान इस तरह की करीब 70 शिकायतें आईं। अब इस मामले में अहमदाबाद पुलिस को कामयाबी मिली है।

पुलिस ने किया दो आरोपियों को गिरफ्तार

दिलजीत के कॉन्सर्ट से 11 स्मार्टफोन्स चोरी किए गए थे। इस मामले में अहमदाबाद के मोटेरा पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर आर.वी. विच्छी ने बताया, "दो दिन पहले 21 नवंबर को यहाँ दिलजीत दोसांझ का एक लाइव कॉन्सर्ट हुआ था। इस दौरान स्मार्टफोन चुराने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने अपने एक तीसरे साथी के साथ मिलकर भीड़ को निशाना बनाया और लोगों की जेब से उनके मोबाइल फोन चुरा लिए। ये संदिग्ध दिल्ली से ओला कैब के ज़रिए यहाँ आए थे और शहर में ही रुके हुए थे। पकड़े गए दोनों लोग दिल्ली के रहने वाले हैं। दोनों खास तौर पर चोरी करने के लिए ही यहाँ आए थे। इस साजिश में कुल चार लोग थे। उनका प्लान था कि यहाँ से जाने से पहले पूरी रात में ज़्यादा से ज़्यादा फोन चुरा लिए जाएं। हालांकि हमारी टीम को उनकी हरकतों का बीच में ही पता चल गया और हमने उनमें से दो को पकड़ लिया। जब इन दोनों को पकड़ा जा रहा था, तब उनके बाकी दो साथी भागने में कामयाब रहे। अब तक मोबाइल फोन चोरी होने को लेकर पुलिस के पास करीब 70 शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं।"

कॉन्सर्ट के लिए खरीदे थे गोल्डन पास

आरोपियों ने कॉन्सर्ट के लिए गोल्डन पास खरीदे थे। एक गोल्डन पास की कीमत 6,000 रूपए थी। आरोपियों ने गोल्डन पास इसलिए खरीदे थे जिससे वो प्रीमियम सेक्शन में पहुंच सकें, जहाँ दर्शकों के पास महंगे स्मार्टफोन थे। भीड़ और अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दोनों के पास से 11 स्मार्टफोन्स बरामद हुए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 4.30 लाख रूपए बताई जा रही है। एक आरोपी का नाम मोहम्मद असद मोहम्मद गुलज़ार बताया जा रहा है, जिसकी उम्र 36 वर्ष है और दूसरे का नाम अशरफ हुसैन नूर हुसैन इदरीसी बताया जा रहा है, जिसकी उम्र 24 वर्ष है।

दो अन्य आरोपी फरार, तलाश जारी

इस मामले में दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई है। चोरी किए गए अन्य स्मार्टफोन्स को भी ट्रैक किया जा रहा है।

Updated on:
24 Nov 2026, 8:31 AM IST
Published on: