
UP BJP New President: कुछ ही घंटो में यूपी भाजपा अध्यक्ष के नाम का औपचारिक ऐलान कर दिया जाएगा। मोदी सरकार में मंत्री पंकज चौधरी ने शनिवार को इस पद के लिए नामांकन किया। रविवार को उनके नाम का औपचारिक ऐलान कर दिया जाएगा। हालांकि पिछले 2 दिन से इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि पंकज चौधरी ही प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष होंगे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि पंकज चौधरी कौन हैं, या उनके नाम की चर्चा सबसे ज्यादा क्यों हो रही है?
पंकज चौधरी भाजपा के गद्दावर नेता और सात बार के सांसद हैं। पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश के महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के सांसद हैं। पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहने और पूर्वी यूपी में मजबूत पकड़ के कारण उन्हें इस पद के लिए सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। महाराजगंज से सांसद पंकज चौधरी के घर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 2023 में गोरखपुर प्रवास के दौरान पहुंचे थे।
पंकज चौधरी साल 1989 में पहला चुनाव लड़े थे। वो गोरखपुर नगर निगम का पार्षद व डिप्टी मेयर का चुनाव जीत थे। उसके बाद 1991 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की तरफ से उन्हें महराजगंज लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया था। इस चुनाव को जीतकर महज 27 साल की उम्र में वो पहली बार सांसद बन गए थे।
पंकज चौधरी के नाम की चर्चा तब ज्यादा तेज हो गई जब कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने शुक्रवार को उन्हें बधाई दी। इसके बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश में भाजपा अध्यक्ष पद की जिम्मेवारी दी जा रही है।
दिल्ली में शुक्रवार को सांसद दीपेंद्र हुड्डा द्वारा उन्हें बधाई दिए जाने के बाद यह अटकलें और मजबूत हो गईं कि भाजपा नेतृत्व ने लगभग उनके नाम पर सहमति बना ली है।
भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए मतदाता सूची जारी कर दी थी, जिसमें कुल 464 मतदाता शामिल थे। जिसमें 5 सांसद, 26 विधायक, 8 एमएलसी और 425 प्रांतीय परिषद सदस्य और जिला अध्यक्ष शामिल थे। शनिवार को दोपहर में नामांकन दाखिल किया गया। सभी विधायकों और मंत्रियों को 14 दिसंबर को होने वाले घोषणा कार्यक्रम में सुबह 11 बजे उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।