उत्तर प्रदेश के बेटे पार्थ कुमार तिवारी ने यूपीएससी NDA परीक्षा पास की है। पार्थ ने यह परीक्षा पास करके पूरे देश में टॉप किया है। आइए जानते हैं कौन हैं पार्थ, जिन्होंने इतनी बड़ी उपलब्धि प्राप्त की है।
UPSC NDA Topper: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के निवासी पार्थ कुमार तिवारी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पार्थ ने अपनी मेहनत और लगन से यूपीएससी NDA की परीक्षा में टॉप किया है। पार्थ को इस परीक्षा में पहला स्थान (Rank-1) मिला है। पार्थ की शुरुआती शिक्षा कर्नाटक से हुई है। वह मूल रूप से बलिया जिले के जकरिया गांव के निवासी हैं। देश की इस कठिन परीक्षा पास करने के बाद पार्थ के घर में जश्न का माहौल है।
लाइव हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, पार्थ कुमार तिवारी मूल रूप से बलिया जिले के जकरिया गांव के रहने वाले हैं। वह वर्तमान में देहरादून के मिलिट्री कॉलेज में 12वीं क्लास की पढ़ाई कर रहे हैं। उनके पिता सैनिक स्कूल के रिटायर शिक्षक हैं और मां प्राइवेट टीचर हैं। अब पार्थ पुणे में अपना सैन्य प्रशिक्षण और स्नातक की पढ़ाई शुरू करेंगे, ताकि वे देश सेवा के अपने सपने को साकार कर सकें।
पार्थ कुमार तिवारी का जन्म बलिया में हुआ। हालांकि, उन्होंने कर्नाटक के कोडगु जिले में शिक्षा प्राप्त की है। पार्थ ने LKG से कक्षा 3 तक की पढ़ाई ज्ञान गंगा स्कूल से की। इसके बाद उन्होंने कक्षा 4 और 5 की शिक्षा यूनिक कॉन्वेंट स्कूल से और कक्षा 6 व 7 की पढ़ाई स्थानीय नवोदय विद्यालय से पूरी की है।
कक्षा 8 में पार्थ का देहरादून के चयन राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज (RIMC) के लिए हो गया। मौजूदा समय में पार्थ RIMC में 12वीं की पढ़ाई कर रहे हैं। पार्थ कुमार तिवारी ने लिखित परीक्षा देहरादून में दी थी। उन्होंने SSB इंटरव्यू में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर टॉप रैंक हासिल की। यह सफलता उनकी मेहनत, समर्पण और रणनीतिक तैयारी का परिणाम है।
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) द्वितीय 2026 परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। UP के पार्थ कुमार तिवारी ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। UPSC के अनुसार, इस परीक्षा में कुल 742 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जिनमें 651 पुरुष और 91 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।
यह परीक्षा परिणाम 14 सितंबर 2025 को हुई लिखित परीक्षा और जनवरी 2026 में बेंगलुरु में आयोजित सर्विसेज सेलेक्शन बोर्ड (SSB) इंटरव्यू के आधार पर तैयार किया गया है। NDA परीक्षा थल सेना, नौसेना और वायुसेना में अधिकारियों की भर्ती के लिए आयोजित की जाती है। सफल अभ्यर्थी राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खड़कवासला में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।