
Smit Machchhar: अमेरिकी संसद में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार (Smit Machchhar) के साहस की तारीफ हुई है। अमेरिकी सांसदों ने फ्लायदुबई की फ्लाइट एफजेड 1073 को आतंकी हमले से बचाने के लिए स्मित मच्छार, विमान के क्रू और यात्रियों को सम्मानित करने का प्रस्ताव पेश किया है। यह प्रस्ताव 5 अक्टूबर 2026 को अमरीकी सांसद जोश गोटहाइमर (Josh Gottheimer), माइकल मैक्कल (Michael McCaul) और डॉन बेकन (Don Bacon) द्वारा पेश किया गया। इसे अब हाउस कमेटी ऑन फॉरेन अफेयर्स को भेजा गया है। प्रस्ताव में कैप्टन स्मित मच्छार के असाधारण साहस की सराहना की गई है।
प्रस्ताव में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने कैप्टन मच्छार के असाधारण साहस की सराहना की है। इसमें कहा गया है कि उन्होंने विमान में सवार हर व्यक्ति की सुरक्षा के लिए हिम्मत दिखाई। साथ ही ऑफ-ड्यूटी पायलटों, केबिन क्रू और यात्रियों की भी बहादुरी की तारीफ की गई है।
अमेरिकी प्रस्ताव में फ्लाइट पर हुए हमले को अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन की सुरक्षा पर आतंकी हमला बताते हुए इसकी निंदा की गई है। इसमें सऊदी अरब और UAE से मामले की तेजी से और पूरी जांच करने की अपील भी की गई है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अटॉर्नी जनरल ने 3 अक्टूबर को जांच के आधार पर इस घटना को आतंकवादी कृत्य करार दिया गया है।
30 सितंबर को फ्लायदुबई की फ्लाइट दुबई से तेल अवीव (इजरायल) जा रही थी। विमान में क्रू सहित करीब 180 लोग सवार थे। उड़ान के दौरान सह-पायलट हमम अल-हम्मामी ने कॉकपिट में कैप्टन मच्छार पर हमला किया और विमान का नियंत्रण लेने की कोशिश की थी। इस दौरान विमान कुछ ही देर में करीब 14 हजार फीट नीचे आ गया था।
हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने हमलावर का सामना किया। इसके बाद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे बाहर मौजूद ऑफ-ड्यूटी पायलट अंदर पहुंच सके। क्रू और यात्रियों ने मिलकर हमलावर को काबू किया। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।