Marco Rubio India Visit: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत पहुंच गए हैं। आज उनकी मुलाकात पीएम नरेंद्र मोदी से होगी।
अमेरिका (United States of America) के विदेश मंत्री मार्को रूबियो (Marco Rubio) भारत पहुंच गए हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री के तौर पर यह उनका पहला आधिकारिक भारत (India) दौरा है। कुछ देर पहले ही उनका विमान कोलकाता में लैंड हुआ है। इस दौरान भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर (Sergio Gor) एयरपोर्ट पर रुबियो और उनकी पत्नी जीनेट डुस्डबेस रुबियो (Jeanette Dousdebes Rubio) का स्वागत करने के लिए मौजूद रहे। उनका दौरा चार दिवसीय रहेगा, जिसके दौरान वह कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और साथ ही कई मंत्रियों और अधिकारियों से मुलाकात भी करेंगे।
रुबियो कोलकाता में मदर टेरेसा के मिशनरीज़ ऑफ चैरिटी के मदर हाउस और चिल्ड्रन होम का दौरा कर रहे हैं। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे, जहाँ उनकी पीएम नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) से मुलाकात करेंगे।
रुबियो के भारत दौरे की मुख्य वजह दिल्ली में होने वाली क्वाड विदेश मंत्रियों की मीटिंग (QUAD Foreign Ministers Meeting) में शामिल होना है, जिसमें भारत और अमेरिका के साथ ऑस्ट्रेलिया (Australia) और जापान (Japan) के विदेश मंत्री भी शामिल होंगे। यह मीटिंग 26 मई को होगी।
रुबियो के भारत दौरे के दौरान क्वाड विदेश मंत्रियों की मीटिंग में और भारत-अमेरिका के बीच द्विपक्षीय मीटिंग में कई अहम विषयों पर चर्चा होगी। इनमें व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और इंडो-पैसिफिक रणनीति जैसे विषय शामिल हैं। द्विपक्षीय मीटिंग में भारत-अमेरिका के संबंधों में मज़बूती लाने के उपायों पर भी चर्चा होगी।
रुबियो की भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर (S. Jaishankar) और क्वाड के दूसरे विदेश मंत्रियों से ईरान युद्ध (War Against Iran) पर भी चर्चा संभव है। ईरान युद्ध की वजह से दुनियाभर में पैदा हुए ऊर्जा संकट, होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) की स्थिति जैसे मुद्दों पर विस्तृत बातचीत हो सकती है।
रूबियो अपनी पत्नी के साथ जयपुर और आगरा भी जाएंगे। जयपुर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ ही वह कई ऐतिहासिक स्थलों का दौरा कर सकते हैं। वहीं आगरा में वह ताजमहल देखेंगे।