राष्ट्रीय

यूपी चुनाव में वोटों का गणित क्यों है इतना अहम? 2022 और 2024 के नतीजे बताते हैं मतदाता सूची की पूरी कहानी

उत्तर प्रदेश में SIR को लेकर भाजपा और सपा के बीच सियासी खींचतान क्यों तेज है? 2022 की 125 करीबी विधानसभा सीटों और 2024 के लोकसभा चुनाव में वोटों के मामूली अंतर से समझिए 2027 के चुनाव का गणित।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 4:00 AM IST
UP Election
AI Image-(ChatGpt)

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच खींचतान के पीछे बड़ा चुनावी गणित है। 2022 के विधानसभा चुनाव में 125 सीटों पर जीत-हार का अंतर 10 हजार वोटों से कम था। इनमें भाजपा ने 63 और सपा ने 46 सीटें जीती थीं। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच वोटों का अंतर महज 0.17 प्रतिशत अंक रहा। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में एक-एक नाम बचाने की राजनीतिक दलों की कोशिश तेज होना स्वाभाविक है।

2022 में 16 सीटों पर एक हजार से कम अंतर

विधानसभा चुनाव में 16 सीटों पर जीत-हार का अंतर एक हजार वोट से कम था। इनमें भाजपा ने 9 और सपा ने 6 सीटें जीतीं, जबकि एक सीट अन्य दल के खाते में गई। 38 सीटों पर अंतर एक हजार से पांच हजार और 71 सीटों पर पांच से दस हजार वोट के बीच रहा। इन दोनों श्रेणियों में भाजपा ने क्रमश: 19 और 35, जबकि सपा ने 15 और 25 सीटें जीती थीं।

लोकसभा चुनाव में कांटे की टक्कर

2024 के लोकसभा चुनाव में एनडीए को 43.69 फीसदी और इंडिया गठबंधन को 43.52 फीसदी वोट मिले। अंतर सिर्फ 0.17 प्रतिशत अंक रहा। सीटों के लिहाज से इंडिया गठबंधन ने 43 और एनडीए ने 36 सीटें जीतीं। सपा को 37, कांग्रेस को 6 और भाजपा को 33 सीटें मिलीं।

2027 से पहले नाम बचाने की होड़

एसआइआर में पात्र मतदाताओं के नाम छूटने की आशंका ने राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ा दी है। भाजपा अपने समर्थकों के नाम सूची में बनाए रखने और छूटे मतदाताओं को जुड़वाने में जुटी है। वहीं, सपा नाम काटे जाने और सूची में गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठा रही है। दोनों दलों को पता है कि करीबी मुकाबले वाली सीटों पर कुछ हजार वोटों का अंतर भी नतीजे बदल सकता है।

Published on: