
Vande Bharat on Chenab Bridge : जम्मू। दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल चिनाब ब्रिज पर वंदे भारत ट्रेन ने 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ लगाई। कटरा और बनिहाल के बीच रेल परिचालन की अधिकतम गति बढ़ाकर 100 किमी प्रति घंटा करने को रेल मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। इससे जम्मू-कश्मीर में रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ यात्रियों का सफर भी पहले के मुकाबले तेज होगा।
जम्मू के सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर उचित सिंघल ने गुरुवार को बताया कि कटरा-बनिहाल रेल सेक्शन में गति बढ़ने से यात्रा का समय कम होगा। इससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रेल मंत्रालय की मंजूरी के बाद अब श्री माता वैष्णो देवी कटरा से बनिहाल के बीच ट्रेनें 100 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति से चल सकेंगी। यह 111 किलोमीटर लंबा ब्रॉडगेज रेल सेक्शन उत्तर रेलवे के जम्मू डिविजन के अंतर्गत आता है। इससे पहले कटरा-संगलदान सेक्शन पर ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार 85 किमी प्रति घंटा और संगलदान-बनिहाल सेक्शन पर 75 किमी प्रति घंटा थी। उत्तर रेलवे के मुताबिक, सभी जरूरी सुरक्षा मानकों और शर्तों को पूरा करने के बाद ही गति बढ़ाने की मंजूरी दी गई है।
संगलदान-बनिहाल रेल सेक्शन उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (USBRL) परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस परियोजना का उद्देश्य जम्मू को कश्मीर घाटी से रेल नेटवर्क के जरिए जोड़ना है। गति बढ़ने के बाद कटरा से बनिहाल तक यात्रा का समय भी कम होने की उम्मीद है।
जम्मू-कश्मीर में बना चिनाब रेलवे पुल इंजीनियरिंग का अद्भुत नमूना माना जाता है। यह चिनाब नदी के तल से करीब 359 मीटर (1,178 फीट) ऊंचाई पर बना है और दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है। इसकी ऊंचाई पेरिस के एफिल टॉवर से करीब 35 मीटर अधिक है। पुल की लंबाई करीब 1,315 मीटर है। स्टील और कंक्रीट से बने इस आर्च ब्रिज को तेज हवाओं और भूकंप जैसी प्राकृतिक चुनौतियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
यूएसबीआरएल परियोजना के तहत जम्मू-कश्मीर में रेल नेटवर्क का बड़े स्तर पर विस्तार किया गया है। वंदे भारत की रफ्तार बढ़ने से जम्मू से कश्मीर घाटी तक रेल यात्रा और सुगम होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय यात्रियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी तेज और बेहतर रेल सुविधा मिलेगी।