राष्ट्रीय

बांकीपुर उपचुनाव: नामांकन के बाद वीणा मानवी गिरफ्तार, तेज प्रताप यादव बोले- झूठे मामले में फंसाया जा रहा

Bankipur bypoll Veena Manvi: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी वीणा मानवी को नामांकन दाखिल करने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया। पार्टी अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई पर सवाल उठाए और न्यायालय जाने की बात कही।
2 min read
Jul 13, 2026
veena manvi bankipur bypoll
तेज प्रताप यादव के साथ समाजसेविका वीणा मानवी (फोटो - X@tej pratap yadav)

Bankipur Bypoll: बिहार के पटना में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए नामांकन के पहले दिन काफी गहमागहमी देखने को मिली। तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) की उम्मीदवार वीणा मानवी को नामांकन पत्र दाखिल करने के तुरंत बाद कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपनी उम्मीदवार पर अचानक की गई इस कार्रवाई पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि वीणा मानवी को झूठे मामले में फंसाकर चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश की गई। यादव ने कहा कि उनकी पार्टी वीणा मानवी के साथ मजबूती से खड़ी है, न्यायपालिका पर भरोसा रखती है और जरूरत पड़ने पर अदालत का दरवाजा खटखटाएगी।

बांकीपुर सीट पर पहले से ही तनाव

बांकीपुर सीट पर पहले से ही तनाव है। इस बीच, वीणा मानवी के नामांकन के दिन कलेक्टरेट परिसर में नेता-कार्यकर्ताओं की अच्छी खासी भीड़ जुट गई थी।

वीणा मानवी पर्चा भरकर बाहर आईं तो अचानक पुलिस की टीम ने उन्हें घेर लिया। आसपास मौजूद कार्यकर्ता इस कार्रवाई से हैरान रह गए। कुछ देर तक नारेबाजी भी हुई।

इस गिरफ्तारी के बाद तेज प्रताप ने यह भी कहा- वीणा मानवी एक साधारण महिला कार्यकर्ता हैं। उन पर पुराने और बेबुनियाद मामले लगाकर नामांकन प्रक्रिया प्रभावित करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि उनकी पार्टी लोकतंत्र में विश्वास रखती है और किसी भी दबाव के आगे नहीं झुकेगी।

बांकीपुर में सभी पार्टियों की तैयारी मजबूत

बांकीपुर पटना की महत्वपूर्ण सीट मानी जाती है। यहां उपचुनाव की घोषणा के बाद सभी पार्टियां जोर-शोर से तैयारी कर रही हैं। इस सीट पर जनसुराज से प्रशांत किशोर भी मैदान में हैं। वहीं, भाजपा ने नीरज सिन्हा पर भरोसा जताया है।

इस सीट पर उपचुनाव के लिए भाजपा ने पहले अभिषेक राज को टिकट दिया था, लेकिन पर्चा दाखिल करने के बाद अभिषेक ने पारिवारिक कारणों से अपना नामांकन वापस ले लिया। उनकी जगह पर भाजपा ने नीरज को टिकट दिया।

क्यों हुई वीणा मानवी की गिरफ्तारी?

उधर, तेज प्रताप की पार्टी ने वीणा मानवी को टिकट देकर नया प्रयोग किया है। अब उनकी गिरफ्तारी से पार्टी रणनीति पर असर पड़ सकता है।

पुलिस की तरफ से अभी तक इस गिरफ्तारी की वजह साफ नहीं बताई गई है। सूत्रों का कहना है कि कुछ पुराने मामले में कोर्ट का वारंट था, जिसके आधार पर कार्रवाई हुई।

Updated on:
13 Jul 2026 02:42 pm
Published on:
13 Jul 2026 02:13 pm