Yamuna River Danger Mark: दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण उसका पानी झुग्गी झोपड़ी घुस गया है। इसमें रहने ववाले लोग ऊंचे स्थानों पर पहुंच गए हैं। रेलवे ने लोहे के पुल पर रेल यातायात को भी अस्थाई तौर पर बंद कर दिया है।
दिल्ली में यमुना के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। मंगलवार देर शाम तक यमुना का जलस्तर 206.38 मीटर पर पहुंचकर खतरे के निशान को पार कर गया। पिछले सप्ताह शहर में लगातार तीन दिनों तक लगातार बारिश होने के कारण जलस्तर बढ़ा है। ये लेवल अगस्त 2019 के बाद से सबसे ज्यादा है। नदी के आसपास के इलाकों को खाली करा दिया गया है। यही नहीं रेलवे ने लोहे के पुल पर रेल यातायात को अस्थाई रूप से बंद कर दिया है जिससे 22 ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा है।
मंगलवार को उत्तर रेलवे के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि यमुना नदी में जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। इस कारण आज शाम 4 बजे के बाद से रेल यातायात को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है। कई ट्रेनों के रूट को डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा 7 ट्रेनें रद्द की गई हैं। बता दें कि यमुना का पानी बढ़ने के बाद जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है।
झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोग ऊंचे स्थानों पर पहुँच गए हैं पर उनका कहना है कि सरकार की तरफ से आवश्यक मदद के लिए फिलहाल कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया गया है। लोग झुग्गी बस्तियों में पानी घुसने के बाद किसी तरह से अपना समान लेकर ऊंचे स्थानों पर पहुँच गए हैं।
यमुना बाजार और उसके आसपास की कॉलोनियों के घरों में भी पानी घुस गया है जिससे आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़े- Video: गुजरात के सूरत में नवरात्रि के पहले दिन दिखी गरबे की धूम, जमकर थिरके लोग