राष्ट्रीय

Vietnam boat accident: 15 भारतीय नागरिकों के शवों को भारत लाने की तैयारी, हो ची मिन्ह सिटी भेजे गए पार्थिव शरीर

Vietnam boat tragedy: वियतनाम में हुए दर्दनाक बोट हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय नागरिकों के पार्थिव शरीर हो ची मिन्ह सिटी भेजे जा रहे हैं। भारतीय दूतावास ने बताया कि औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें जल्द भारत लाया जाएगा।
2 min read
Jul 12, 2026
Vietnam Boat Accident
वियतनाम बोट हादसा

Vietnam Boat Accident: वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास स्पीड बोट पलटने से जान गंवाने वाले 15 भारतीय पर्यटकों के शवों को वापस लाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई हैं। वियतनाम में भारतीय दूतावास ने बताया है कि सभी 15 पीड़ितों के शवों को फु क्वोक से हो ची मिन्ह सिटी ले जाया जा रहा है और उनके आज शाम तक वहां पहुंचने की उम्मीद है। हो ची मिन्ह सिटी में स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं, जिसके बाद शवों को हवाई जहाज से भारत लाया जाएगा।

तमिलनाडु सरकार ने पीड़ित परिवारों को मदद के दिए निर्देश

तमिलनाडु सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हादसे के पीड़ितों के परिजनों को हर संभव सहायता और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इस बीच, केंद्र सरकार ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले तमिलनाडु के 10 लोगों के नाम, उनकी उम्र और संबंधित जिलों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। वहीं, वियतनाम में स्पीड बोट पलटने की इस दुर्घटना में आंध्र प्रदेश के 3 और केरल के 2 लोगों की भी मौत हुई है।

आशंकाः तेज हवाओं और ऊंची लहरों से हादसा

इस हादसे को लेकर आशंका है कि तेज हवाओं के साथ समुद्र में ऊंची लहरें उठीं, जिसके कारण स्पीड बोट पलट गई। स्पीड बोट पलटने का रेडियो मैसेज मिलते ही कोस्ट गार्ड और बॉर्डर गार्ड एक्टिव हो गई। करीब 35 कर्मियों ने हादसे के कुछ मिनटों के भीतर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। तेज हवाओं की वजह से पर्यटकों को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

भारत से वियतनाम जाने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ी

हाल के वर्षो में भारत से वियतनाम की यात्रा करने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2023 में करीब 3.92 लाख भारतीय पर्यटक वियतनाम पहुंचे, जो 2019 के मुकाबले लगभग तीन गुना अधिक थे। वहीं, 2024 में यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 5 लाख तक पहुंच गया। इसके साथ ही भारत वियतनाम के लिए 8वां सबसे बड़ा पर्यटन स्रोत बाजार बन गया। किफायती हवाई यात्रा, ई-वीजा की सुविधा, मनमोहक समुद्री तट और दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक समानताएं भारतीय यात्रियों को वियतनाम की ओर आकर्षित कर रही हैं।

Updated on:
12 Jul 2026 02:18 pm
Published on:
12 Jul 2026 01:22 pm