राष्ट्रीय

अंकिता भंडारी हत्याकांड में नया खुलासा! पुलकित के पिता ने जारी किए 4,800 पन्नों के चैट, VIP को लेकर भी कही बड़ी बात

अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने करीब 4,800 पन्नों के चैट रिकॉर्ड सार्वजनिक किए हैं। उन्होंने दावा किया कि चैट में पुलकित का कहीं जिक्र नहीं है और अंकिता को प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ भी जांच और कार्रवाई होनी चाहिए।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 5:21 PM IST
Ankita Murder Case
Ankita Murder Case(Photo-IANS/ANI)

हरिद्वार। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। मामले में दोषी ठहराए गए पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य रविवार को मीडिया के सामने आए। इस दौरान उन्होंने करीब 4,800 पन्नों के चैट रिकॉर्ड सार्वजनिक किए। उन्होंने सरकार से मांग की है कि अंकिता को प्रताड़ित करने, अपमानित करने और दबाव डालने वालों के खिलाफ भी जांच कर कार्रवाई की जाए।

पूरे चैट में पुलकित का एक बार भी जिक्र नहीं

विनोद आर्य ने दावा किया कि करीब 4,800 पन्नों के चैट रिकॉर्ड में अंकिता ने कहीं भी पुलकित का नाम नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी में इस पूरे मामले में कोई वीआईपी शामिल नहीं है। उन्होंने यह कहा कि उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस का किसी चुनाव से कोई संबंध नहीं है और न ही वह मामले की दिशा बदलने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि उनकी एकमात्र मांग है कि अंकिता को प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई हो।

12 से 15 हजार कमाने वाले युवकों पर कार्रवाई, क्या यही न्याय है?

विनोद आर्य ने मामले में दोषी ठहराए गए युवकों की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि ये युवक अपनी नौकरी से महज 12 से 15 हजार रुपए महीने कमाते थे, लेकिन उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि क्या यही न्याय है? साथ ही दावा किया कि इन युवकों में से दो की मां ने आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने पूछा कि इन परिवारों की पीड़ा की जिम्मेदारी कौन लेगा और क्या सरकार इस स्थिति के लिए अपनी जवाबदेही स्वीकार करेगी?

मुख्यमंत्री से की कार्रवाई की मांग

विनोद आर्य ने मुख्यमंत्री से अपील की कि यदि सरकार वास्तव में अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना चाहती है, तो उन लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए, जिन्होंने उसे प्रताड़ित किया था।

उन्होंने कहा कि जांच का दायरा केवल मौजूदा दोषियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अंकिता के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और दबाव बनाने वाले लोगों की भूमिका भी सामने आनी चाहिए।

क्या है अंकिता भंडारी हत्याकांड?

उत्तराखंड के ऋषिकेश क्षेत्र स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में 19 वर्षीय अंकिता भंडारी रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थीं। 18 सितंबर 2022 को उनकी हत्या कर दी गई थी। छह दिन बाद, 24 सितंबर को उनका शव चीला नहर से बरामद हुआ। मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर तथा अंकित गुप्ता को गिरफ्तार किया गया था।

कोटद्वार की अदालत ने 30 मई 2025 को तीनों दोषियों को हत्या, सबूत मिटाने और अन्य आरोपों के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इसके बावजूद परिवार कथित वीआईपी एंगल की जांच की मांग कर रहा है। किसी वीआईपी की भूमिका को लेकर लगाए जा रहे आरोपों और न्यायालय में सिद्ध तथ्यों के बीच अंतर बनाए रखना जरूरी है।

Updated on:
15 Nov 2026, 5:21 PM IST
Published on: