राष्ट्रीय

रामनवमी पर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हिंसा,जुलूस के दौरान भड़की हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़

मुर्शिदाबाद में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हिंसा भड़कने से हालात तनावपूर्ण हो गए। पत्थरबाजी, आगजनी और तोड़फोड़ में कई लोग घायल हुए। पुलिस ने स्थिति काबू में कर कई लोगों को हिरासत में लिया, जबकि घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।

2 min read
Mar 28, 2026
BJP Leader Suvendu Adhikari

Bengal News: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से रामनवमी के मौके पर तनाव की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक धार्मिक शोभायात्रा के दौरान अचानक हालात बिगड़ गए और देखते ही देखते माहौल हिंसक हो गया। सड़कों पर अफरा-तफरी मच गई, कहीं आगजनी हुई तो कहीं तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह शोभायात्रा मैकेंजी पार्क से शुरू हुई थी और जैसे ही जुलूस फुलतला मोड़ के पास पहुंचा, वहां माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि जुलूस पर अचानक पत्थर और ईंटें फेंकी गई, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में डर और गुस्से का माहौल फैल गया।

सुरक्षा कड़ी कर दी गई है


स्थिति बिगड़ते ही पुलिस हरकत में आई। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और हालात संभालने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और अन्य सुरक्षा टीमें भी पहुंचीं। मुर्शिदाबाद रेंज के डीआईजी अजीत सिंह यादव खुद घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि हालात अब नियंत्रण में हैं और शांति बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है। इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ जारी है। फिलहाल प्रशासन शांति बनाए रखने की कोशिश में जुटा है। इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की अफवाह से बचें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

बीजेपी ने उठाया मुद्दा


इस घटना ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें कथित तौर पर कुछ लोग भगवा झंडा नीचे गिराते नजर आ रहे हैं। शुभेंदु अधिकारी ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या रामनवमी जैसे पवित्र अवसर पर भगवा ध्वज फहराना गलत है? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह घटना सुनियोजित थी और इसके जरिए धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कोशिश की गई। उन्होंने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।

Published on:
28 Mar 2026 01:24 am
Also Read
View All

अगली खबर