मौसम विभाग ने क्रिसमस पर मौसम कैसा रहेगा, इस पर अलर्ट जारी किया है। आईएमडी का अलर्ट है कि, दिल्ली में क्रिसमस पर शीत लहर चलेगी।
राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड शुरू होने वाली है। मौसम विभाग ने क्रिसमस पर मौसम कैसा रहेगा, इस पर अलर्ट जारी किया है। आईएमडी का अलर्ट है कि, दिल्ली में क्रिसमस पर शीत लहर चलेगी। इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट होगी। साथ ही घना कोहरा छाया रहेगा। ठंड बढ़ने से वायु की गुणवत्ता में भी खराब हो रही है। आईएमडी ने कहा कि, दिल्ली में आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिमी हवाओं और कम बादल छाए रहने की उम्मीद है। तापमान 26 दिसंबर 2022 तक लगभग 2-3 डिग्री गिर सकता है और 3-4 डिग्री के दायरे में रहेगा। आईएमडी ने कहा कि, अगले दो दिनों में दिल्ली के अधिकांश स्थानों पर शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान तापमान 4 डिग्री या उससे कम रहेगा।
सफदरजंग में सबसे कम रहा तापमान
आईएमडी ने कहा कि, सफदरजंग में (1 से 24 दिसंबर, 2022 तक) 23 दिसंबर को सबसे कम 5.3 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया। शनिवार को दिल्ली (रिज) में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया है।
कोहरे की वजह से ट्रेनें लेट
उत्तर रेलवे ने शनिवार को जानकारी दी कि, दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में घने कोहरे की वजह से दिल्ली जाने वाली 14 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। शुक्रवार ठंड की स्थिति और उत्तर भारत में घने कोहरे की वजह से दृश्यता कम हो गई थी। जिस वजह से ट्रेनें लेट चलीं। मौसम विज्ञानियों की भविष्यवाणी है कि, अगले दो दिन तापमान में और गिरावट होगी। अधिक कोहरे की वजह से दृश्यता कम हो जाएगी।
दिसंबर के आखिर में बढ़ेगा तापमान
मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दिल्ली में 27-30 दिसंबर तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में लगभग 2-3 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है।