Pre Monsoon Heavy Rain Alert: देशभर में प्री-मानसून का असर देखने को मिल रहा है। IMD ने 23 से 26 मार्च के बीच कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की चेतावनी दी है। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कई जिलों में बारिश हो रही है।
IMD Heavy Rain Alert: देशभर में प्री मानसून (Pre Monsoon) का असर देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 23 मार्च से 26 मार्च के बीच कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। खासतौर पर राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का असर देखने को मिलेगा साथ ही बिहार, झारखंड, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम अपना मिजाज बदलने वाला है।
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पश्चिमी जिलों जैसे जैसलमेर, बीकानेर और जोधपुर सहित कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज (सोमवार) को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनू, चुरू, सीकर और नागौर समेत आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 25 और 26 मार्च को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी जारी रह सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के अलावा बिहार, झारखंड और ओडिशा में 24 से 28 मार्च के दौरान बिजली गिरने और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 24, 27 और 28 मार्च को 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली में सोमवार को बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन सुबह और दोपहर के समय तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 28°C और न्यूनतम तापमान 18°C रहने वाला है। 25 मार्च के बाद राजधानी में तापमान फिर से 35°C के पार जा सकता है। हालांकि, फिलहाल मौसम में बदलाव से प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 27 मार्च से प्रदेश में तेज बारिश और आंधी का दौर शुरू हो सकता है।
IMD के अनुसार कानपुर, लखनऊ, आगरा, बरेली, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ और नोएडा इस दौरान 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 32°C से 35°C रहने वाला है और न्यूनतम तापमान 18°C से 22°C रहने वाला है। लखनऊ में आज तापमान 33-35°C के बीच रहने का अनुमान है।
बिहार में 24 मार्च से 28 मार्च के बीच बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। जिन जिलों में अलर्ट है, उनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सिवान, गोपालगंज, सारण, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, गया और नवादा शामिल है। राजधानी पटना में आज (सोमवार) को अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम तापमान 20°C रहने वाला है।