पश्चिमी विक्षोभ के कारण देशभर में मौसम ने करवट ली है। कई राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि IMD ने अगले एक सप्ताह तक ऐसे ही मौसम की संभावना जताई है।
Weather News: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत और कुछ अन्य क्षेत्रों में तेज हवाओं, गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया है। मौसम के इस बदलाव ने जहां लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत दी है, वहीं किसानों के लिए चिंता भी बढ़ा दी है, क्योंकि कई स्थानों पर बड़े आकार के ओले गिरने से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। शुक्रवार को हिमालयी क्षेत्रों में व्यापक बर्फबारी दर्ज की गई। खासतौर पर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और ठंडक बढ़ गई। वहीं मैदानी इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। राजस्थान, मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में कई जगहों पर बारिश और ओलावृष्टि हुई।
राजस्थान की राजधानी जयपुर, श्रीगंगानगर और जैसलमेर सहित कई जिलों में चने से भी बड़े आकार के ओले गिरे। इसके अलावा राज्य के विभिन्न हिस्सों में बीती रात से रुक-रुक कर बारिश होती रही। तेज ठंडी हवाओं के कारण उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक देश के कई हिस्सों में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। 4 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर घाटी में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और राजस्थान के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मध्य भारत के राज्यों जैसे मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। यहां भी कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा महाराष्ट्र और मराठवाड़ा क्षेत्र में भी मौसम खराब रहने के आसार हैं। पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। दक्षिण भारत के केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है।