राष्ट्रीय

Weather Update: मानसून की विदाई के बीच बदला मौसम, कश्मीर में बर्फबारी, 17 अक्टूबर तक कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

IMD Alert: दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के बीच देशभर में मौसम बदल गया है। कश्मीर के गुलमर्ग और अमरनाथ गुफा के आसपास बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश से ठंड बढ़ी है। IMD के अनुसार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल समेत कई राज्यों में 17 अक्टूबर तक बारिश के आसार हैं।
2 min read
• •
Oct 12, 2026
Weather Update news
AI Image-(ChatGpt)

IMD Weather Update: दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। कश्मीर घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में अच्छी बर्फबारी हुई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर बिछने से ठंड बढ़ने लगी है। वहीं, पर्यटन स्थलों पर सर्दियों जैसा मौसम महसूस किया जा रहा है।

गुलमर्ग और अमरनाथ गुफा के पास बर्फबारी

कश्मीर घाटी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद मौसम ठंडा हो गया है। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग और बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा के आसपास के इलाकों में भी बर्फबारी दर्ज की गई। हिमालय की पहाड़ियों पर बर्फ जमने से कई क्षेत्रों में सर्दी का असर बढ़ गया है। दूसरी ओर, मैदानी इलाकों में बारिश और ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दी है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई है, जिससे ठंड का एहसास बढ़ गया है।

हरियाणा, पंजाब और हिमाचल में बारिश

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार को हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब और उत्तराखंड में कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश हुई। मानसून की वापसी के दौरान मौसम में आए इस बदलाव का असर पहाड़ी और मैदानी, दोनों क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है।

17 अक्टूबर तक इन राज्यों में बारिश के आसार

IMD के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बनी नई मौसम प्रणाली के प्रभाव से देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला रह सकता है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा में आंधी, बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इन राज्यों के अलग-अलग हिस्सों में 12 से 17 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में कई क्षेत्रों में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश के कारण ठंड का असर और बढ़ सकता है। कई राज्यों में मौसम बदलने जा रहे हैं। जिसे ठंड की शुरुआत मानी जा सकती है।

Published on:
12 Oct 2026 04:00 am