राष्ट्रीय

मौसम का मिजाज : राजस्थान में 10 से 14 अक्टूबर तक बारिश की संभावना,बदलेगी हवा

IMD Alert: राजस्थान में 10 से 14 अक्टूबर तक कई इलाकों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान में 10-11 और 13-14 अक्टूबर, जबकि पूर्वी राजस्थान में 10-11 अक्टूबर को बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। देश के अन्य राज्यों में भी मौसम बदलेगा।
2 min read
• •
Oct 10, 2026
Weather Update news
AI Image-(ChatGpt)

Weather Update: दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के बीच देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। बंगाल की खाड़ी में बनी मौसम प्रणाली के प्रभाव से शुक्रवार को उत्तराखंड में बारिश, ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बिहार के 18 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तर प्रदेश में बारिश और नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह तक देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है।

पश्चिमी राजस्थान में 10-11 और 13-14 अक्टूबर तथा पूर्वी राजस्थान में 10-11 अक्टूबर को कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ सहित उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है। बिहार के 18 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश में लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर और सुल्तानपुर सहित कई क्षेत्रों में बारिश से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में चिंता बढ़ी है। राज्य के कई जिलों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

उत्तराखंड में ओले, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी

उत्तराखंड के देहरादून, ऋषिकेश, नैनीताल, हल्द्वानी और रामनगर सहित कई क्षेत्रों में बारिश हुई। हरिद्वार में ओलावृष्टि से कुछ जगह पर वाहनों के शीशे टूट गए। हेमकुंड साहिब और पिथौरागढ़ जिले की व्यास घाटी के कुटी गांव में बर्फबारी दर्ज की गई। चमोली जिले में भूस्खलन से बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित हुआ। पिथौरागढ़ में आदि कैलाश मार्ग पर भी मलबा आने से आवाजाही प्रभावित हुई।

बंगाल की खाड़ी में बनेगा कम दबाव का क्षेत्र

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में 13 अक्टूबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में भी बारिश का अनुमान है। वहीं, अगले तीन-चार दिनों में पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर के कुछ क्षेत्रों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है।

Published on:
10 Oct 2026 04:00 am