
Bengal Bypoll 2026: पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीट नंदीग्राम और रेजीनगर में उपचुनाव होने हैं। इसको लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। वहीं अब मंगलवार को सीएम शुभेन्दु अधिकारी ने वोटरों से सीधे तौर पर अपील करते हुए इसे एक ‘टेस्ट’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि 6 अक्टूबर को मतदाताओं को तय करना होगा कि वे सरकार के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं या नहीं।
पूर्व मेदिनीपुर जिले के हल्दिया में सीएम अधिकारी ने नामांकन रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से बीजेपी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। रैली को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि नंदीग्राम और रेजीनगर के मतदाताओं के सामने यह तय करने का अवसर है कि वे सरकार के साथ बने रहना चाहते हैं या नहीं।
उन्होंने कहा कि आपको यह टेस्ट 6 तारीख को देना है। आपका टेस्ट रेजीनगर और नंदीग्राम में है। देखते हैं कौन पास होता है और कौन फेल। बाकी 18 तारीख के बाद देखा जाएगा।
अपने संबोधन के दौरान सीएम शुभेन्दु अधिकारी ने 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हराने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मैंने 2021 में ममता बनर्जी को 1,956 वोटों से हराया था और क्षेत्र के लोगों को जिस तरह की प्रशासनिक पहुंच और विकास संबंधी सेवाएं मिलती रही हैं, वे आगे भी जारी रहेंगी।
उन्होंने कहा कि 2021 में जब आपने ममता बनर्जी को 1,956 वोटों से हराया था, तब से आपको जो सेवाएं मिलती रही हैं, भविष्य में भी उसी तरह मिलती रहेंगी।
उन्होंने दावा किया कि नंदीग्राम में भाजपा की जीत का अंतर उस समय किसी ने नहीं सोचा था। अधिकारी ने यह भी कहा कि उन्होंने ममता बनर्जी को गंगा के उस पार भी चुनावी तौर पर मात दी है।
इस दौरान उन्होंने अल्पसंख्यक वोटरों से भी अपील की। अधिकारी ने अपने संबोधन में उन अल्पसंख्यक मतदाताओं का भी जिक्र किया, जो भाजपा को वोट नहीं देते हैं। उन्होंने कहा कि आगामी उपचुनाव उनके लिए भी सरकार के साथ खड़े होने या नहीं होने का फैसला करने का अवसर है।
उन्होंने मतदाताओं से पूछा कि क्या वे सरकार के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं और क्या वे मुख्यमंत्री के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना चाहते हैं।
भाजपा ने आगामी उपचुनाव के लिए नंदीग्राम से हासिरानी रथ और रेजीनगर से शाखारव सरकार को उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि हासिरानी रथ, मुख्यमंत्री के दिवंगत निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हैं।