West Bengal Assembly Election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण में 142 सीटोंं पर मतदान जारी है। इस दौरान बीजेपी प्रत्याशी बिकाश सरदार पर टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Election) के दूसरे और अंतिम चरण में आज कोलकाता सहित सात जिलों की 142 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह से अब तक हिंसा के कुछ मामले भी सामने आए हैं। कई जगह बीजेपी (BJP) और टीएमसी (TMC) कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई है तो कुछ जगह बीजेपी के कार्यालयों में तोड़फोड़ भी हुई है। इसी बीच अब दक्षिण 24 परगना के बसंती विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी बिकाश सरदार (Bikash Sardar) पर हमले का मामला सामने आया है।
बिकाश ने बताया कि टीएमसी के 200 से 250 कार्यकर्ताओं ने उन पर उस समय हमला कर दिया जब वह अपनी कार में सवार थे और उसका शीशा फोड़ दिया। उन्होंने कहा, "चुनाव क्षेत्र में हर जगह टीएमसी की गुंडागर्दी चल रही है। टीएमसी के 200-250 गुंडों ने लोहे की रॉड और बांस के डंडों से मेरी कार पर हमला किया। उन्होंने मेरे ड्राइवर से भी मारपीट की।"
चुनाव आयोग ने भयमुक्त मतदान के लिए केंद्रीय अद्धसैनिक बलों सहित करीब ढाई लाख जवान तैनात कर चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की है। बमबारी की आशंका में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के अधिकारी भी लगाए गए हैं। इस वजह से पिछले चुनावों की तुलना में इस बार के चुनाव के दौरान हिंसा के मामले कम ज़रूर हुए हैं, लेकिन पूरी तरह से खत्म नहीं।