राष्ट्रीय

Rahul Gandhi की नाराजगी की खबरों पर यह क्या बोल गए महाराष्ट्र के कांग्रेस प्रभारी, जानें…

Maharashtra Assembly Election: Rahul Gandhi की नाराजगी की खबरों के बीच महाराष्ट्र के कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राहुल गांधी की नाराजगी की खबरों को गलत बताया हैं।
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2024, 9:47 PM IST
Feature image

Rahul Gandhi: महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार बैठक कर रही है। इस बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की नाराजगी की खबरों ने जोर पकड़ लिया है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी महाराष्ट्र में सीट बंटवारे से नाराज हैं। इन अटकलों पर महाराष्ट्र के कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला की प्रतिक्रिया आई है। महाराष्ट्र के कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला ने कहा कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक को लेकर जो खबरें चल रही हैं, वे गलत हैं। हमारी पार्टी का उद्देश्य सभी को एक साथ लेकर चलना है।

‘MVA गठबंधन चुनाव जीत रहा है’

रमेश चेन्निथला ने महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी (एमवीए) की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा, "हमारी पार्टी ने दो लिस्ट जारी कर दी है और तीसरी लिस्ट भी आज शाम या फिर रविवार सुबह तक जारी कर दी जाएगी। महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी एक-साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। हमारे गठबंधन की चुनाव में जीत होगी और हम सरकार भी बनाएंगे।"

केंद्रीय चुनाव समिति की हुई बैठक

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पर केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी। इस मीटिंग में महाराष्ट्र में सीट बंटवारे को लेकर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी नाराज दिखे और वह बैठक बीच में ही छोड़कर चले गए। इससे पहले महाराष्ट्र कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की थी, जिसमें 23 प्रत्याशियों के नाम हैं। महाराष्ट्र में विपक्षी महागठबंधन 'महाविकास अघाड़ी' में शामिल तीन प्रमुख पार्टियों ने विधानसभा चुनाव में अपने 85-85 उम्मीदवार उतारने का फॉर्मूला तय किया। एमवीए में कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) और शिवसेना (यूबीटी) शामिल हैं।

20 नवंबर को होगी वोटिंग

महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 20 नवंबर को वोटिंग होगी। इसके बाद 23 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। नामांकन करने की आखिरी तारीख 29 अक्टूबर और नामांकन जांच की तारीख 30 अक्टूबर है। नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 4 नवंबर है।