राष्ट्रीय

केंद्रीय कैबिनेट का किसानों को बड़ा तोहफा, गेहूं समेत 6 रबी फसलों की MSP बढ़ी, पीएम धारा और दिल्ली ITMS को भी हरी झंडी

Cabinet Decisions: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 2027-28 मार्केटिंग सीजन के लिए रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा, मंत्रिमंडल ने रिन्यूएबल एनर्जी के लिए पीएम धारा प्रोग्राम और दिल्ली में ITMS को लेकर भी फैसले किए।
2 min read
Rabi Crops MSP
गेहूं समेत छह रबी फसलों के MSP में बढ़ोतरी (Photo- Patrika)

Rabi Crops MSP: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में किसानों, ग्रीन एनर्जी और दिल्ली के शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े तीन बड़े फैसले लिए गए। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि कैबिनेट ने 2027-28 मार्केटिंग सीजन के लिए गेहूं समेत रबी की छह मुख्य फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी को मंज़ूरी दे दी है। जिसके बाद गेहूं की MSP को बढ़ाकर 2,610 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है। इसके अलावा पीएम धारा कार्यक्रम और दिल्ली में ट्रैफिक की समस्या से निपटने के लिए अत्याधुनिक 'इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम' (ITMS) को भी मंजूरी दी गई है।

प्रोडक्शन कॉस्ट पर 50% से 106% तक का प्रॉफिट मार्जिन

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि NDA सरकार ने हमेशा किसानों के हितों को ध्यान में रखकर फैसले लिए हैं। उन्होंने बताया कि अपने कार्यकाल की शुरुआत में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ऐसी पॉलिसी बनाई थी जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि किसानों को उनकी प्रोडक्शन कॉस्ट पर कम से कम 50% का मार्जिन यानी मुनाफा मिले।

उन्होंने बताया कि एग्रीकल्चरल कॉस्ट्स एंड प्राइसेस कमीशन (CACP) की गहरी स्टडी और सिफारिशों के आधार पर रबी की सभी छह फसलों के लिए किसानों को प्रोडक्शन कॉस्ट पर 50% से 106% तक का सीधा प्रॉफिट मार्जिन सुनिश्चित किया गया है।

रबी फसलों की नई MSP

  • गेहूं: अनुमानित उत्पादन लागत 1,264 रुपये प्रति क्विंटल के मुकाबले स्वीकृत नई MSP 2,610 रुपये प्रति क्विंटल तय की गई है, जिस पर किसानों को लागत से 106% का मुनाफा मिलेगा।
  • जौ : अनुमानित उत्पादन लागत 1,447 रुपये प्रति क्विंटल के मुकाबले स्वीकृत नई MSP 2,286 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की गई है, जिससे किसानों को लागत पर 58% का लाभ होगा।
  • चना : अनुमानित उत्पादन लागत 3,751 रुपये प्रति क्विंटल के मुकाबले स्वीकृत नई MSP 5,958 रुपये प्रति क्विंटल तय की गई है, जिस पर लागत से 59% अधिक रिटर्न मिलेगा।
  • मसूर : अनुमानित उत्पादन लागत 3,854 रुपये प्रति क्विंटल के मुकाबले स्वीकृत नई MSP 7,390 रुपये प्रति क्विंटल रखी गई है, जिससे किसानों को लागत पर 92% का भारी मार्जिन मिलेगा।
  • सरसों : अनुमानित उत्पादन लागत 3,367 रुपये प्रति क्विंटल के मुकाबले स्वीकृत नई MSP 6,613 रुपये प्रति क्विंटल घोषित की गई है, जो उत्पादन लागत से 96% अधिक है।
  • कुसुम : अनुमानित उत्पादन लागत 4,810 रुपये प्रति क्विंटल के मुकाबले स्वीकृत नई MSP 7,215 रुपये प्रति क्विंटल तय की गई है, जिससे किसानों को लागत पर सीधा 50% का मुनाफा सुनिश्चित होगा।

पीएम धारा और दिल्ली ITMS को मंजूरी

कैबिनेट के दूसरे फैसलों की जानकारी देते हुए अश्विनी वैष्णव ने बताया कि देश में सौर और पवन ऊर्जा जैसी रिन्यूएबल एनर्जी सोर्स को मुख्य ग्रिड से आसानी से जोड़ने के लिए 'पीएम धारा' योजना शुरू की जा रही है। इसके तहत जरूरी ट्रांसमिशन और स्मार्ट ग्रिड इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा।

वहीं, राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक जाम कम करने और ट्रैफिक फ्लो को आसान बनाने के लिए 'इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम' (ITMS) की स्थापना को मंजूरी दी गई है। ह सिस्टम एडवांस्ड टेक्नोलॉजी के ज़रिए ट्रैफिक नियमों को अपने आप लागू करने और मॉडर्न सिग्नल मैनेजमेंट को मुमकिन बनाएगा।

Updated on:
30 Sept 2026 03:58 pm
Published on:
30 Sept 2026 03:58 pm