Amba Prasad: जब कल्पना सोरेन बड़कागांव पहुंची तो अंबा प्रसाद ने खुद से गाड़ी ड्राइव की और उनके पास वाली सीट पर कल्पना सोरेन बैठी थी। बड़कागांव विधानसभा सीट पर कुल 26 प्रत्याशी मैदान में है। उनके सामने बीजेपी के रौशन लाल चौधरी हैं।
Jharkhand Election: झारखंड विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly Election) को लेकर प्रचार जोरों पर है। इसी बीच बड़कागांव में कांग्रेस प्रत्याशी अंबा प्रसाद (Amba Prasad) के पक्ष में एक चुनावी सभा का आयोजन हुआ। इस सभा में गांडेय विधायक कल्पना सोरेन (Kalpana Soren) ने लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी अंबा प्रसाद के पक्ष में वोट देने की अपील की। दरअसल, जब कल्पना सोरेन बड़कागांव पहुंचीं तो अंबा प्रसाद ने खुद से गाड़ी ड्राइव की और उनके पास वाली सीट पर कल्पना सोरेन बैठी थी। अंबा प्रसाद चुनाव प्रचार के दौरान खुद गाड़ी ड्राइव कर लोगों को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है। बड़कागांव विधानसभा सीट पर कुल 26 प्रत्याशी मैदान में है। उनके सामने बीजेपी के रौशन लाल चौधरी (Roshan Lal Chaudhary) मैदान में हैं।
बता दें कि झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 (Jharkhand Election 2024) में बड़कागांव से इंडिया गठबंधन ने अंबा प्रसाद को प्रत्याशी बनाया है। अंबा प्रसाद उस समय सुर्खियों में आईं थीं जब वह साल 2019 में घोड़े पर सवार होकर विधानसभा पहुंची थीं। अंबा प्रसाद झारखंड के पूर्व मंत्री योगेंद्र साव की बेटी हैं। इसके अलावा उन्होंने 2019 के चुनाव में जीत हासिल करने के साथ एक रिकॉर्ड भी बनाया था। अंबा प्रसाद ने सबसे कम उम्र में झारखंड विधानसभा की सदस्य बनने का इतिहास रचा था।
झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 से पहले अंबा प्रसाद के बीजेपी में शामिल होने की चर्चा चल रही थी। इसे लेकर सोशल मीडिया पर भी कई खबरें वायरल हो रही थी। लेकिन बाद में अंबा प्रसाद ने बीजेपी में शामिल होने की खबरों का खंडन किया और इसे विरोधियों की साजिश भी करार दिया। हालांकि इससे पहले लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान भी बीजेपी में शामिल होने की चर्चा जोरों पर थी। लेकिन यह बात भी अफवाह साबित हुई।
बता दें कि इससे पहले विधानसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस प्रत्याशी अंबा प्रसाद ने आजसू के उम्मीदवार रोशन लाल चौधरी को पराजित किया था। अंबा प्रसाद को 98862 वोट मिले थे वहीं रोशन लाल चौधरी को 67348 वोट मिले थे। इससे पूर्व कांग्रेस उम्मीदवार निर्मला देवी ने आजसी प्रत्याशी रोशन लाल चौधरी को हराया था।
बड़कागांव से कांग्रेस प्रत्याशी अंबा प्रसाद के लिए गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने वोट मांगे। इस दौरान कल्पना ने दावा किया कि बड़कागांव में INDIA गठबंधन की जीत होगी और बड़कागांव की बेटी की जीत होगी। इस दौरान कल्पना ने बीजेपी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस बार बीजेपी का फर्जी बुलडोजर नहीं इंडिया गठबंधन के विकास की गाड़ी दौड़ेगी।