राष्ट्रीय

श्रीनगर की हवा में क्यों घुल रहा है जहर? जानिए पहाड़ों से घिरी घाटी में बढ़ते वायु प्रदूषण की वजह

डल झील और बर्फीली वादियों के लिए मशहूर श्रीनगर में सर्दियों के दौरान वायु प्रदूषण क्यों बढ़ जाता है? जानिए तापमान उलटफेर, पहाड़ी भूगोल, हीटिंग ईंधन और पीएम2.5 कणों का हवा पर असर।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 2:00 AM IST
Kashmir air pollution
AI Image-(ChatGpt)

Kashmir Air Quality: डल झील, चिनार के पेड़ और बर्फ से ढकी चोटियों के साथ साफ हवा के लिए पहचाने जाने वाले श्रीनगर की हवा इन दिनों सेहत के लिए खतरा बन रही है। 20 नवंबर को एक्यूआइ.इन की लाइव ग्लोबल रैंकिंग में 354 एक्यूआइ के साथ श्रीनगर 'दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर' बन गया था। इस सूची में हरियाणा का हिसार 328 और लुधियाना 309 एक्यूआइ के साथ इसके बाद थे, जबकि दिल्ली 277 एक्यूआइ के साथ नौवें स्थान पर थी। हालांकि, 20 नवंबर को भारतीय केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आधिकारिक आंकड़ों में श्रीनगर में यह स्तर मात्र 59 बताया गया है।

आंकड़ों में यह भारी बदलाव इसलिए भी होता है क्योंकि एक्यूआइ.इन जैसे निजी एयर क्वालिटी ट्रैकर्स अक्सर अमरीकी एक्यूआइ मानकों का उपयोग करते हैं और शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगे कई लो-कॉस्ट सेंसर से रियल-टाइम डेटा जुटाते हैं। सरकारी एजेंसी सीपीसीबी भारतीय मानकों के अनुसार 24 घंटे का औसत जारी करती है। इसके अलावा, सरकारी मॉनिटरिंग स्टेशन शहर के अपेक्षाकृत हरे-भरे या खुले इलाकों में स्थित हो सकते हैं, जिससे स्थानीय प्रदूषण का तुरंत असर कम दिखता है।

पहाड़ बने हवा के रास्ते में दीवार

श्रीनगर की खूबसूरती का आधार उसका भूगोल ही सर्दियों में प्रदूषण की बड़ी वजह बन रहा है। शहर चारों तरफ से पहाड़ों से घिरी घाटी में बसा है। सर्दियों की रातों में जमीन तेजी से ठंडी होती है और उसके पास की हवा भी ठंडी पड़ जाती है। इसके ऊपर गर्म हवा की परत बन जाती है। इसे तापमान उलटफेर (टेम्परेचर इन्वर्जन) कहते हैं। गर्म हवा की यह परत ढक्कन की तरह काम करती है। नतीजतन धुआं और धूल ऊपर फैलने के बजाय निचली सतह पर जमा होते रहते हैं।

गर्माहट की जरूरत, हवा पर भारी

सर्दियों में घरों को गर्म रखने के लिए कोयला, लकड़ी और अन्य जैव ईंधनों का इस्तेमाल भी प्रदूषण बढ़ाता है। कांगड़ी और पारंपरिक हीटिंग साधनों से निकलने वाला धुआं स्थानीय उत्सर्जन में योगदान कर सकता है। वाहनों का धुआं, सड़क की धूल, निर्माण कार्य और कचरा जलाना भी हवा को दूषित करते हैं।

दूर से भी पहुंचते हैं प्रदूषक

शोध बताते हैं कि प्रदूषण की वजह केवल स्थानीय गतिविधियां नहीं हैं। पश्चिमी हवाओं के साथ आसपास के क्षेत्रों और दूरदराज के इलाकों से भी प्रदूषक कण घाटी तक पहुंच सकते हैं। बारिश-बर्फबारी कुछ कणों को हटाने में मदद करती हैं, लेकिन लंबे समय तक शुष्क मौसम रहने पर हवा की प्राकृतिक सफाई सीमित हो जाती है।

सेहत के लिए सूक्ष्म खतरा

पीएम2.5 जैसे बहुत महीन कण सांस के साथ फेफड़ों की गहराई तक पहुंच सकते हैं और हृदय व श्वसन संबंधी बीमारियों का जोखिम बढ़ाते हैं। मौसम विभाग के अनुसार 28 नवंबर तक घाटी में शुष्क मौसम रहने का अनुमान है। बारिश और बर्फबारी नहीं होने से प्रदूषक कणों के प्राकृतिक रूप से धुलने की संभावना भी कम है।

Published on: