
केंद्र सरकार ने 30 नवंबर को लोकसभा का विशेष सत्र बुलाने का अनुरोध किया है। इसमें महिलाओं को संसद और विधानसभा में 33 फीसदी आरक्षण देने वाले विधेयक को पास करने तैयारी है।
सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में महिला आरक्षण से जुड़े उस विधेयक पर चर्चा होने की संभावना है, जिसका संबंध लोकसभा सीटों के परिसीमन से भी है।
कैबिनेट की बैठक ऐसे समय होने जा रही है, जब केंद्र सरकार ने संसद के दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने की तैयारी पूरी कर ली है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से सदनों की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है।
प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से शुरू होगी, जबकि राज्यसभा 2 दिसंबर को बैठेगी। कामकाज की जरूरत के हिसाब से दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर तक चल सकती है।
फिलहाल केंद्र सरकार ने यह साफ नहीं किया है कि इस दौरान कौन-कौन से विधेयक पेश किए जाएंगे। हालांकि, महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
महिला आरक्षण को लागू करने के लिए सरकार पहले भी संविधान संशोधन विधेयक लेकर आई थी। 17 अप्रैल 2026 को संसद की विशेष बैठक के दौरान इस पर मतदान हुआ था, लेकिन जरूरी समर्थन नहीं मिलने के कारण विधेयक लोकसभा में पास नहीं हो सका।
संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सदन में मौजूद और मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होती है।
मौजूदा लोकसभा की 543 सीटों के हिसाब से सभी सदस्यों के मतदान करने की स्थिति में सरकार को 361 वोट चाहिए। उस समय विपक्ष के एकजुट विरोध के कारण सरकार को झटका लगा था।
अब सरकार दोबारा इस विधेयक को आगे बढ़ाने की कोशिश में है। नवंबर में आई रिपोर्टों के मुताबिक, सत्तारूढ़ गठबंधन को उम्मीद है कि इस बार जरूरी संख्या जुटाई जा सकती है।