राष्ट्रीय

सीएम योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर PM ने फोन पर की बात, अमित शाह, नितिन नवीन ने भी शेयर किया भावुक पोस्ट

Savitri Devi death: सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने फोन कर शोक जताया। अमित शाह ने भी भावुक पोस्ट कर श्रद्धांजलि दी।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 4:45 PM IST
Yogi Adityanath
सीएम योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर PM ने फोन पर की बात(फोटो-IANS)

Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे फोन पर बात कर शोक संवेदना व्यक्त की। पीएम मोदी ने इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति देने की कामना की।

अमित शाह ने कहा- मां का जाना ऐसी क्षति, जिसकी भरपाई संभव नहीं


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी श्रीमती सावित्री देवी का निधन अत्यंत दुखद है। अमित शाह ने कहा कि मां का जाना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं होती। दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं योगी आदित्यनाथ और पूरे शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

भाजपा अध्यक्ष ने भी शेयर किया पोस्ट


भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी सोशल मीडिया पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। उन्होंने आगे जोड़ा कि मां का साया जीवन का बहुत बड़ा संबल होता है। उनके जाने से उपजे दुःख को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। अंत में उन्होंने जोड़ा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और योगी आदित्यनाथ एवं समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति दे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड में अंतिम सांस ली। योगी आदित्यनाथ का परिवार उत्तराखंड के पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर गांव में रहता है। इसी गांव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्म हुआ था। इससे पहले जून 2024 में उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण सावित्री देवी की तबीयत बिगड़ गई थी।

Updated on:
20 Nov 2026, 4:45 PM IST
Published on: