
YSRCP Support for Delimitation Bill: मोदी सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इसके बाद परिसीमन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई है। सरकार लोक सभा में परिसीमन विधेयक को पास कराने की कोशिश में जुटी हुई है। समाचार एजेंसी ANI ने अनुसार, सदन में इस बिल पर मोदी सरकार को जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) का साथ मिल सकता है।
ANI ने मुताबिक,पार्टी सूत्रों ने शुक्रवार को संकेत दिया कि YSRCP संसद में इस विधेयक का समर्थन कर सकती है, बशर्ते इसमें क्षेत्रीय संतुलन सुनिश्चित करने के प्रावधान शामिल किए जाएं।
बता दें कि YSRCP के समर्थन से लोक सभा में एनडीए की संख्या में वृद्धि होगी। दरअसल, संसद के विशेष सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन से जुड़े विधेयकों को दोबारा पेश कर सकती है। सरकार के सामने इस विधेयक को पारित कराने के लिए संसद में दो-तिहाई बहुमत जुटाने की चुनौती है। इससे पहले बजट सत्र के दौरान यह विधेयक आवश्यक समर्थन नहीं मिलने के कारण पारित नहीं हो सका था।
वहीं अब YSRCP के अलावा शरद पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यानी NCP (SP) के रुख पर सबकी नजर है। विशेष सत्र को लेकर पार्टी ने एक व्हिप जारी किया है। जिसमें अपने सांसदों को सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है और पार्टी के रुख का समर्थन करने की अपील की है।
दरअसल, NCP (SP) का परिसीमन के मुद्दे पर रुख नरम पड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। पार्टी की वरिष्ठ नेता सुप्रिया सुले ने हाल ही में संकेत दिया था कि विधेयक में कुछ सकारात्मक पहलू हो सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि पार्टी केवल विपक्ष में होने के कारण किसी विधेयक का आंख मूंदकर विरोध नहीं करेगी।
परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार की सक्रियता के बीच संसद का विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया गया है। सरकार ने गुरुवार को 30 नवंबर से संसद का संक्षिप्त सत्र आयोजित करने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान महिला आरक्षण कानून को 2029 के लोक सभा चुनाव से लागू करने के उद्देश्य से परिसीमन से जुड़े विधेयकों को फिर से संसद में पेश किए जाने की संभावना है।
प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया के तहत लोक सभा की अधिकतम सदस्य संख्या मौजूदा 550 से बढ़ाकर 850 तक किए जाने का प्रस्ताव है। सरकार का प्रयास है कि सीटों के इस विस्तार में देश के विभिन्न राज्यों के बीच क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का संतुलन बना रहे। इसी मुद्दे को लेकर राजनीतिक दलों की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को बताया कि सरकार ने लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला से 30 नवंबर को निचले सदन की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। वहीं, राज्य सभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से 2 दिसंबर को उच्च सदन की बैठक आयोजित करने का आग्रह किया गया है।
सरकार ने इन बैठकों को आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के लिए महत्वपूर्ण बताया है। अब सबकी निगाहें विशेष सत्र पर टिकी हैं, जहां परिसीमन विधेयक को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच राजनीतिक सहमति बनाने की कोशिश निर्णायक साबित हो सकती है।