
नीमच से कमलेश सारडा की रिपोर्ट
Neemuch BIS Action: मध्यप्रदेश के नीमच में बिना हॉलमार्क सोने के आभूषण बेचने की शिकायत पर भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को BIS भोपाल ब्रांच ऑफिस से आई तीन अलग-अलग टीमों ने शहर के तीन ज्वेलरी शोरूम पर एक साथ जांच की। जांच के दौरान टीमों को बिना हॉलमार्क की गोल्ड ज्वेलरी मिली है। विभाग ने शिकायत को प्रथम दृष्टया सही मानते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ हॉलमार्किंग अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई और कोर्ट में केस दायर करने की बात कही है।
नीमच जिला अनिवार्य हॉलमार्किंग की श्रेणी में शामिल है। नियमों के मुताबिक, यहां कोई भी ज्वेलर वैध BIS हॉलमार्क रजिस्ट्रेशन के बिना सोने के आभूषण नहीं बेच सकता। BIS के भोपाल ब्रांच ऑफिस को शिकायत मिली थी कि नीमच में कुछ ज्वेलर्स बिना वैध रजिस्ट्रेशन या फर्जी हॉलमार्क के साथ सोने की ज्वेलरी बेच रहे हैं। शिकायत के आधार पर करीब 12 अधिकारियों और कर्मचारियों की तीन टीमें गठित की गईं, जो शुकवार को नीमच पहुंची और रामबाबू ज्वेलर्स, आरआर ज्वेलर्स और जेम्स स्क्वायर सहित तीन प्रतिष्ठानों पर एक साथ जांच की।
BIS अधिकारी मोहम्मद तौसीफ ने बताया कि जांच के दौरान शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई है। टीमों को जांच में बिना हॉलमार्क की ज्वेलरी भी मिली है। BIS के एक अन्य अधिकारी संजय कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ हॉलमार्किंग अधिनियम के तहत कोर्ट में केस फाइल किया जाएगा। जिन ग्राहकों को बिना हॉलमार्क का सोना बेचा गया है, वे भी विभाग में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
BIS अधिकारियों के मुताबिक, केंद्र सरकार ने 2021 से चरणबद्ध तरीके से सोने के आभूषणों पर हॉलमार्किंग अनिवार्य की है। नीमच भी अनिवार्य हॉलमार्किंग वाले जिलों में शामिल है। ग्राहक सोने के आभूषण खरीदते समय इन तीन निशानों की जांच जरूर करें।