
नीमच। चुनावी राजनीति से आगे विकास के एजेंडे के जरिए नीमच-मंदसौर अंचल में राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कवायद के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मनासा से क्षेत्र के विकास का बड़ा खाका पेश किया। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और नगरीय सुविधाओं के विस्तार के साथ औद्योगिक निवेश, ऊर्जा उत्पादन और पर्यटन को विकास की नई धुरी बनाने का दावा किया। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मनासा कृषि उपज मंडी में 271.99 करोड़ रुपए लागत के 111 विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कर सरकार की विकास प्राथमिकताओं को सामने रखा। कार्यक्रम में विकास कार्यों के साथ स्थानीय राजनीतिक समीकरणों की झलक भी दिखाई दी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नीमच-मंदसौर अंचल को देश के बड़े औद्योगिक केंद्रों में शामिल करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में इंडस्ट्रियल पार्क की स्थापना से उद्योगों और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। चीता परियोजना पर्यटन के लिहाज से अंचल को राष्ट्रीय पहचान दिलाएगी, जबकि 1920 मेगावाट क्षमता की ग्रीनको परियोजना प्रदेश को ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में नई ताकत देगी। सरकार का प्रयास है कि क्षेत्र की भौगोलिक और आर्थिक संभावनाओं को बड़े विकास प्रकल्पों से जोड़ा जाए।
अल्पवर्षा से प्रभावित किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग 6-4 के प्रावधानों के तहत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके जरिए सरकार ने विकास परियोजनाओं के साथ किसानों की परेशानी को भी प्राथमिकता में रखने का संदेश दिया।
271.99 करोड़ रुपए के कार्यों में लोक निर्माण विभाग के 124.87 करोड़ रुपए लागत के 13 सड़क निर्माण और मजबूतीकरण कार्य शामिल हैं। इसके अलावा 42.24 करोड़ रुपए के 30 ग्रामीण सड़क निर्माण कार्यों का भी लोकार्पण-भूमिपूजन किया गया। मनासा में सीतामऊ रोड पर 4.95 करोड़ रुपए की लागत से उच्चस्तरीय पुल बनाया जाएगा। जल संसाधन विभाग की 9 करोड़ रुपए लागत की दो लघु सिंचाई परियोजनाएं भी विकास पैकेज का हिस्सा हैं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 32.89 करोड़ रुपए के छह कार्यों में नई गोशालाओं, शैक्षणिक संस्थानों में अतिरिक्त कक्ष और प्रयोगशालाओं का निर्माण किया जाएगा। नीमच, जावद और मनासा विधानसभा क्षेत्रों में 19 आंगनबाड़ी भवन भी बनाए जाएंगे। इन कार्यों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का लक्ष्य रखा गया है।
लोक निर्माण विभाग के 21.82 करोड़ रुपए के आठ अन्य कार्यों में जावद महाविद्यालय का ऑडिटोरियम, सब जेल में आवास, अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास और भादवामाता मंदिर में शेड, पार्किंग तथा शिखर निर्माण शामिल हैं। शिक्षा विभाग के 5.80 करोड़ रुपए के चार कार्यों के तहत जीरन, सरवानिया महाराज और देवरी खवासा के स्कूलों में विज्ञान प्रयोगशालाएं बनाई जाएंगी। नगरीय विकास के तहत मनासा नगर परिषद में 5.71 करोड़ रुपए से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और स्विमिंग पूल का निर्माण होगा। वहीं नीमच नगर पालिका क्षेत्र में 1.10 करोड़ रुपए की लागत से सीसी सड़क बनाई जाएगी।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मनासा में रोड शो किया। नगरवासियों और विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। रोड शो में बड़ी संख्या में मनासा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को क्षेत्र की मांगों से संबंधित पत्र सौंपा। कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, विधायक दिलीपसिंह परिहार और ओमप्रकाश सकलेचा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का एक राजनीतिक पहलू पूर्व विधायक विजेंद्र सिंह मालाहेड़ा और वर्तमान विधायक अनिरुद्ध माधव मारू की एक मंच पर मौजूदगी भी रहा। लंबे समय बाद दोनों नेताओं के साथ दिखाई देने से स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चाएं शुरू हो गईं। बताया गया कि दोनों को मंच पर साथ लाने में विधायक के करीबी गिरीश भट्ट की भूमिका रही। हालांकि, दोनों नेताओं की ओर से इस घटनाक्रम को लेकर कोई आधिकारिक राजनीतिक बयान सामने नहीं आया। विकास कार्यों के सरकारी मंच पर पुराने और मौजूदा नेतृत्व की साझा मौजूदगी को क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।