
(नीमच से मुकेश सहारिया की रिपोर्ट)
Gas agency distributors protest: घर-घर रसोई गैस पहुंचाकर आम परिवारों की जरूरत पूरी करने वाले गैस एजेंसी संचालकों के सामने अब नई परेशानी खड़ी होने का मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश के नीमच में पहले सुरक्षा होज की खरीद को लेकर और अब मिठाई-नमकीन जैसे पैक्ड उत्पाद बेचने के लिए प्रत्येक एजेंसी पर दबाव बनाया जा रहा है। औसतन 25 हजार रुपए के उत्पाद खरीदने की अनिवार्यता को लेकर संचालकों में नाराजगी है।
गैस वितरकों का कहना है कि उनका मूल काम उपभोक्ताओं तक समय पर गैस रिफिल पहुंचाना है, न कि उन पर अतिरिक्त उत्पादों की बिक्री और स्टॉक का आर्थिक बोझ डालना। इस संबंध में 15 अक्टूबर को एचपीसीएल के पालमपुर सेल्स एरिया में पदस्थ विक्रय अधिकारी प्रणव मीना को विधिक सूचना पत्र भेजा गया है।
इसमें महेंद्र एचपी गैस एजेंसी, हिम्मतनगर (गुजरात) की शिकायत का उल्लेख करते हुए सुरक्षा होज की कथित अनिवार्य खरीद, अनुबंध की शर्तों और पोर्टल बंद किए जाने को लेकर सवाल उठाए गए हैं। पत्र में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत जारी एलपीजी आपूर्ति एवं वितरण विनियमन आदेश, 2000 की अनुसूची-1 की कंडिका 3(4) का हवाला देते हुए चूल्हा रबर ट्यूब की जबरन बिक्री पर आपत्ति जताई गई है।
वितरकों का कहना है कि जब उपभोक्ता को अपनी पसंद से प्रमाणित उत्पाद खरीदने की स्वतंत्रता है, तो एजेंसी संचालकों पर अतिरिक्त खरीद का दबाव क्यों बनाया जाए। अब मिठाई नमकीन, चाय जैसे पैक्ड उत्पादों की खरीद का मामला भी इस नाराजगी को बढ़ा रहा है। संचालकों के अनुसार, यदि उत्पादों की बिक्री अपेक्षा के अनुरूप नहीं हुई, तो उनकी पूंजी स्टॉक में फंस सकती है। इससे छोटे वितरकों पर आर्थिक दबाव बढ़ने की आशंका है। चौकाने वाली बात यह है कि जिले के 3 गैस एजेंसी संचालकों ने ऑयल कम्पनी के दबाव के चलते 30 हजार रुपए के पैक्ड उत्पाद (मिठाई नमकीन) ऑर्डर दे दिए हैं। प्रत्येक पर 10-10 हजार रुपए का अतिरिक्त भार पड़ेगा। इन उत्पाद को एजेंसी पर फिलहाल बेचेंगे तो नहीं, दिवाली पर उपहार के रूप कर्मचारियों व अन्य को वितरित अवश्य करेंगे।
गैस एजेंसी संचालकों पर ऑयल कम्पनी की ओर से जबरन दबाव बनाया जा रहा है। पहले से चूल्हा, नली, ट्रॉली, अप्रेन, कम्पोजिट सिलेंडर आदि की बिक्री का प्रेशर है। अब पैक्ड मिठाई नमकीन आदि बेचने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इसका एजेंसी संचालक विरोध कर रहे हैं। 26 अक्टूबर को दिल्ली में विरोध प्रदर्शन हेतु देशभर के गैस
वितरक जुटेंगे। - श्याम नरेड़ी, संचालक श्याम गैस एजेंसी